इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) का 38वां मैच सोमवार (22 अप्रैल) को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स (RR) और मुंबई इंडियंस (MI)के बीच खेला जाएगा। इस मैच में 3 बड़े रिकॉर्ड बन सकते हैं। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, राजस्थान रॉयल्स के ओपनर जोस बटलर और स्पिनर युजवेंद्र चहल के नाम बड़ी उपलब्धियां हो सकती हैं। बता दें कि मुंबई और राजस्थान के लिए इस सीजन पहले एक मैच हो चुका है। राजस्थान ने वानखेड़े में मुंबई को हराया था और वह शानदार फॉर्म में है।

जोस बटलर

जोस बटलर के पास राजस्थान रॉयल्स के लिए 3000 रन बनाने वाले पहले विदेशी बल्लेबाज बनने का मौका है। इसके लिए उन्हें मुंबई के खिलाफ 54 रन बनाने होंगे। 2018 में टीम से जुड़ने के बाद उन्होंने 43.3 की औसत और 148.7 की स्ट्राइक रेट से 2946 रन बनाए हैं। वह शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और 2 शतक ठोक चुके हैं।

आरोन फिंच से आगे निकलेंगे रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने इस साल आईपीएल में बेहतरीन फॉर्म दिखाया है। उन्होंने 164.09 की स्ट्राइक रेट से 300 रन बनाए हैं। टी20 क्रिकेट में रोहित शर्मा के नाम कई रिकॉर्ड हैं। 11,453 रनों के साथ वह टी20 में 8वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले हैं। वह इस सूची में 7वें नंबर पर आ सकते हैं। इसके लिए उन्हें 6 रन बनाने होंगे। आरोन फिंच से वह आगे निकल जाएंगे, जिनके 11,458 रन हैं।

युजवेंद्र चहल

लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल इतिहास रचने से 1 विकेट दूर हैं। 1 विकेट लेते ही वह आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन जाएंगे। उन्होंने 152 मैच में 199 विकेट लिए हैं। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस आईपीएल में उन्होंने अबतक 12 विकेट लिए हैं। पर्पल कैप की रेस में तीसरे नंबर पर हैं।