आईपीएल की शुरुआत में अब कुछ ही समय बचा है। पिछले हफ्ते तक एक साथ खेलने वाले खिलाड़ी अब एक-दूसरे के खिलाफ रणनीति तैयार कर रहे हैं। इस बीच केएल राहुल के ससुर सुनील शेट्टी अपने ही दामाद के खिलाफ दिखाई दिए। वह राहुल की टीम लखनऊ को छोड़कर रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस का समर्थन करते हुए नजर आए।

केएल राहुल ने शेयर किया मजेदार वीडियो

सोशल मीडिया पर केएल राहुल ने मजेदार एड का वीडियो शेयर किया है। इस एड में रोहित शर्मा और सुनील शेट्टी एक साथ बैठकर खाना खाते हुए दिखाई दिए। तभी केएल राहुल वहां आकर बैठते है। रोहित शर्मा उन्हें रोकते हुए कहा, ‘यहां फेमिली डिनर चल रहा है।’ राहुल हैरानी से सुनील शेट्टी की तरफ देखते हैं और कहते हैं -पापा?

दामाद के खिलाफ हुए सुनील शेट्टी

सुनील शेट्टी रोहित की तरफ देखते हुए कहते हैं, ‘नो पापा, जब तक टूर्नामेंट ऑन है, शर्मा जी का बेटा मेरा बेटा।’ सुनील शेट्टी अपने हाथ से रोहित को खाना खिलाते हैं और केएल राहुल वहां से गुस्से से चले जाते हैं। राहुल ने यह वीडियो शेयर करके कैप्शन में लिखा, ‘यह शर्मा जी का बेटा यहां भी सब ले गया। इसका बदला मैं जरूर लूंगा रोहित शर्मा।’ इस मजेदार एड को फैंस बहुत पसंद कर रहे हैं।

हार्दिक होंगे टीम के कप्तान

रोहित शर्मा इस बार केवल बतौर बल्लेबाज ही मुंबई इंडियंस का हिस्सा होंगे। रोहित शर्मा ने मुंबई को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया लेकिन मैनेजमेंट ने अब हार्दिक पंड्या को यह जिम्मेदारी दी है। हार्दिक बीते दो सीजन में गुजरात टाइटंस के कप्तान थे। उनकी कप्तानी में टीम एक बार चैंपियन बनी और दो बार फाइनल में पहुंची। हार्दिक को ऑक्शन की शाम को ही मुंबई इंडियंस में शामिल किया गया। इसके कुछ समय बाद उन्हें टीम का कप्तान चुन लिया गया। इस फैसले के बाद मुंबई को काफी ट्रोल किया गया था। हालांकि हार्दिक पंड्या का कहना था कि वह इस बार ध्यान नहीं दे रहे हैं और उनकी नजर अपने काम पर है।