आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस 19 दिसंबर को होने वाली मिनी ऑक्शन में 17.5 करोड़ के पर्स के साथ कुछ खास खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ सकती है। दरअसल, मुंबई के पास मिनी ऑक्शन से पहले 17.5 करोड़ का ही पर्स बचा है, जिसमें वह एक वर्ल्ड चैंपियन टीम के कप्तान को भी अपने साथ जोड़ सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिनी ऑक्शन में मुंबई की नजरें पैट कमिंस पर रहेंगी।

पांच खिलाड़ियों पर रहेगी मुंबई इंडियंस की निगाहें

आईपीएल के अगले सीजन से पहले मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या के रूप में इतिहास की सबसे बड़ी ट्रेड पहले ही कर ली है। इसके बाद भी यह फ्रेंचाइजी कई अन्य बड़े नामों को अपने साथ जोड़ सकती है। मुंबई ने हार्दिक पंड्या को 15 करोड़ रुपए में ट्रेड किया। हार्दिक इससे पहले गुजरात टाइटंस में थे। हार्दिक के अलावा मुंबई इंडियंस इन पांच प्लेयर्स को ऑक्शन में खरीद सकती है।

पैट कमिंस

हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान पैट कमिंस एक साल के गैप के बाद आईपीएल में लौट रहे हैं। पैट कमिंस ने आईपीएल 2023 से अपना नाम वापस ले लिया था और ऐसा उन्होंने वर्ल्ड कप और एशेज के लिए किया था। 2023 में ऑस्ट्रेलिया को दो आईसीसी खिताब दिलाने वाले पैट कमिंस मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ सकते हैं। मुंबई ने जोफ्रा आर्चर को रिलीज किया है। ऐसे में पैट कमिंस फास्ट बॉल का अच्छा विकल्प हैं। वर्ल्ड कप में भी उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की थी।

वानिंदु हसरंगा

श्रीलंका के इस लेग स्पिनर को आरसीबी ने रिलीज किया है जो कि एक हैरान करने वाला फैसला था। आरसीबी से रिलीज होने के बाद हसरंगा मिनी ऑक्शन में जाएंगे, जहां मुंबई की नजरें उन्हें अपने साथ शामिल करने पर होंगी। 26 वर्षीय वानिंदु हसंरगा अभी टी20 इंटरनेशनल में नंबर 2 रैंकिंग के गेंदबाज हैं। मुंबई के लिए वह बेस्ट स्पिनर के साथ-साथ बल्ले से भी भूमिका निभाने वाले अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।

हर्षल पटेल

आईपीएल 2021 में पर्पल कैप जीतने वाले तेज गेंदबाज हर्षल पटेल को भी आरसीबी ने रिलीज किया है। हर्षल पटेल आरसीबी के लिए पिछले दो सीजन से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे थे, जिस कारण उन्हें रिलीज कर दिया गया। रिलीज होने के बाद हर्षल ऑक्शन में रहेंगे और उनका बेस प्राइज भी कम हो सकता है। ऐसे में मुंबई इंडियंस उन्हें भी अपने साथ जोड़ सकती है। हर्षल और पैट कमिंस की जोड़ी बहुत बढ़िया हो सकती है।

जेसन होल्डर

वेस्टइंडीज का यह पूर्व खिलाड़ी मुंबई इंडियंस में वेस्टइंडीज के ही पूर्व खिलाड़ी कायरन पोलार्ड का विकल्प बन सकता है। पोलार्ड के 2022 में संन्यास लेने के बाद मुंबई को एक अच्छे ऑलराउंडर की तलाश है और जेसन होल्डर गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी अहम योगदान दे सकते हैं। मुंबई अगर होल्डर को खरीदती है तो लोअर मिडिल ऑर्डर में टीम को अच्छी स्ट्रेंथ मिल जाएगी।

गेराल्ड कोएत्जी

वर्ल्ड कप में अपनी पेस और धारदार गेंदबाजी से इंप्रेस करने वाले इस अफ्रीकी गेंदबाज पर भी मुंबई की निगाहें हो सकती हैं। जोफ्रा आर्चर को रिलीज करने के बाद फ्रेंचाइजी को कोएत्जी के रूप में उनका सबसे अच्छा विकल्प मिल सकता है। गेराल्ड कोएत्जी ने विश्व कप में अच्छी गेंदबाजी की थी। उन्होंने विश्व कप के 8 मैचों में 20 विकेट हासिल किए थे।