MI vs CSK: आईपीएल 2024 के 29वें लीग मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीएसके ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 206 रन बनाए। सीएसके को इस स्कोर पर ले जाने में एमएस धोनी की धमाकेदार बल्लेबाजी का बड़ा योगदान रहा। धोनी ने इस मैच में नाबाद 20 रन की पारी सिर्फ 4 गेंदों पर खेली और टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया। धोनी के अलावा सीएसके के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 69 रन की पारी खेली जबकि शिवम दूबे ने भी टीम के लिए अहम नाबाद 66 रन बनाए।
धोनी ने लगाया हैट्रिक छक्का
मुंबई के खिलाफ इस मैच में जब एमएस धोनी छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए आए तब पारी के सिर्फ 4 गेंद शेष बचे थे। धोनी ने आते ही स्ट्राइक संभाला और उस वक्त मुंबई की तरफ से गेंदबाजी खुद कप्तान हार्दिक पांड्या कर रहे थे। हार्दिक की तीसरी गेंद पर धोनी ने लांग-ऑफ के ऊपर से छक्का लगा दिया तो वहीं चौथी गेंद पर उन्होंने लांग-ऑन के ऊपर से छक्का लगा दिया। वहीं धोनी ने इसके बाद पांचवीं गेंद पर डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का जड़ दिया और हैट्रिक छक्का पूरा किया। वहीं आखिरी गेंद पर धोनी ने 2 रन बनाए। इस मैच में धोनी ने सिर्फ 4 गेंदों का सामना किया और 500.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 20 रन बनाए।
धोनी ने पूरे किए 5000 रन
धोनी का सीएसके के लिए ये 250वां मैच था और इस मैच को धोनी ने अपने खेल के जरिए यादगार बना दिया। धोनी ने इस मैच में नाबाद 20 रन की पारी के दौरान सीएसके के लिए अपने 5000 रन भी पूरे किए और इस टीम के लिए ऐसा करने वाले पहले विकेटकीप बने। वहीं ओवरऑल धोनी सीएसके के लिए 5000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले सुरेश रैना के बाद दूसरे बल्लेबाज बन गए।