मुंबई इंडियंस ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स को हराकर सीजन में अपना खाता खोला। इस मैच में फैंस को रोमारियो शेफर्ड का तूफान देखने को मिला। इसके साथ ही तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम किया। बुमराह ने आईपीएल में 150 विकेट पूरे कर लिए हैं। बुमराह ने इसके साथ ही बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया।

जसप्रीत बुमराह ने पूरे किए 150 विकेट

बुमराह ने चार ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए। उन्होंने सबसे पहले पृथ्वी शॉ को 66 रन के स्कोर पर बोल्ड किया। यह उनके आईपीएल करियर का 149वां विकेट था। इसके बाद उन्होंने अभिषेक पोरेल का विकेट झटका। अभिषेक उनकी गेंद पर टिम डेविड को कैच थमा बैठे थे। पोरेल बुमराह का 150वां शिकार बने।

भुवी और ब्रावो को छोड़ा पीछे

बुमराह ने 124 पारियों में 150 विकेट झटके। वह सबसे तेज 150 विकेट लेने के मामले में तीसरे स्थान पर है। इस मामले में सबसे ऊपर लसित मलिंगा है जिन्होंने 105 पारियों में 150 विकेट लिए थे। वहीं युजवेंद्र चहल ने 118 पारियों में यह कारनामा किया। बुमराह ड्वेन ब्रावो और भुवनेश्वर कुमार से आगे निकले। ब्रावो ने 137 और भुवनेश्वर ने 138 पारियों में 150 विकेट पूरे किए हैं।

बुमराह ने मुंबई इंडियंस के लिए भी बनाया रिकॉर्ड

बुमराह ने साल 2013 में मुंबई के लिए डेब्यू किया और तबसे इसी टीम के लिए खेल रहे हैं। बुमराह मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। उन्होंने मुंबई के लिए 124 मैच में 150 विकेट लिए हैं। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा विकेट श्रीलंकाई दिग्गज लसित मलिंगा ने लिए हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 170 विकेट लिए हैं।