दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत 2008 में हुई थी। 2024 में इसका 17वां सीजन होगा। 7 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो हर सीजन में खेले हैं और इस सीजन में खेलेंगे। इन ‘सात रत्नों’ में से एक ने संन्यास का मन बना लिया है। यह खिलाड़ी विकेटकीपर है। इसने भारत के दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। आखिरी बार भारत के लिए वह टी20 वर्ल्ड कप 2022 में खेला था। वह कॉमेंट्री भी करता है। यह खिलाड़ी कोई और नहीं दिनेश कार्तिक हैं। खबरें हैं कि वह आईपीएल 2024 के बाद संन्यास लेने का मन बना रहे हैं।

ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक इस साल अपना आखिरी आईपीएल सीजन खेलने के लिए तैयार हैं। वह अगले दो महीने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए खेलेंगे। कार्तिक जून में 39 साल के हो जाएंगे और अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को भी जल्द अलविदा कहेंगे। कार्तिक ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) से की थी। वह उन सात खिलाड़ियों के चुनिंदा समूह का हिस्सा हैं, जिन्होंने 2008 में शुरू हुई इस लीग करने के हर सीजन में खेले हैं। ये अन्य 7 खिलाड़ी एमएस धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, ऋद्धिमान साहा और मनीष पांडे हैं।

कार्तिक ने 16 सीजन में सिर्फ दो मैच मिस किए

कार्तिक ने 16 सीजन में सिर्फ दो मैच मिस किए हैं। पहली बार ऐसा पहले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हुआ था और दूसरी बार ऐसा 2023 में हुआ जब कार्तिक सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लीग मैच से बाहर बैठे थे। कार्तिक ने 2023 आईपीएल में बल्ले से खराब प्रदर्शन किया। 11 से अधिक की औसत के साथ केवल 140 रन बनाए। 2022 में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। तब रॉयल चैलेंजर्स ने नीलामी में कार्तिक को 5.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। फिनिशर की भूमिका निभाने के लिए कार्तिक ने सीजन से पहले पावर-हिटिंग पर काम किया था।

शानदार आईपीएल फॉर्म से कार्तिक की हुई भारतीय टीम में वापसी

कार्तिक ने 16 मैचों में 55 की औसत और 183.33 की स्ट्राइक-रेट से 330 रन बनाए। दूसरे क्वालीफायर में बाहर होने से पहले कार्तिक ने उस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स के प्लेऑफ में पहुंचने के प्रमुख भूमिका निभाई थी। शानदार आईपीएल फॉर्म से कार्तिक को ऑस्ट्रेलिया में 2022 टी20 विश्व कप में जगह दिलाई। हालांकि, वह तीन पारियों में केवल 14 रन ही बना सके। भारत सेमीफाइनल में चैंपियन इंग्लैंड से हार गया।

दिनेश कार्तिक का आईपीएल करियर

रॉयल चैलेंजर्स के साथ कार्तिक का यह दूसरा कार्यकाल है। इससे पहले वह आरसीबी के लिए 2015 में खेले थे। कुल मिलाकर कार्तिक ने छह आईपीएल टीमों का प्रतिनिधित्व किया है। डेयरडेविल्स, किंग्स इलेवन पंजाब, मुंबई इंडियंस, गुजरात लायंस (2016-17), नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स। कुल मिलाकर 240 मैचों में कार्तिक ने लगभग 26 की औसत से 4516 रन बनाए हैं, जिसमें 20 अर्धशतक शामिल हैं।132 से अधिक का स्ट्राइक रेट है। एक कीपर के रूप में कार्तिक ने कुल 133 कैच के साथ-साथ 36 स्टंपिंग किए हैं। वह धोनी के बाद दूसरे स्थान पर हैं।