दिल्ली कैपिटल्स के प्रबंधन ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) की तैयारी शुरू कर दी है। फ्रेंचाइजी ने सपोर्ट स्टाफ को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रबंधन ने इस साल खराब सत्र के बावजूद रिकी पोंटिंग को मुख्य कोच और सौरव गांगुली को मेंटर बनाए रखने का फैसला किया है। इसके अलावा फ्रेंचाइजी सहायक कोच और तेज गेंदबाजी कोच के तौर पर शेन वॉटसन और जेम्स होप्स की छुट्टी करने की तैयारी में है। मुंबई के पूर्व खिलाड़ी अजित आगरकर और ‘सचिन तेंदुलकर के दोस्त’ प्रवीण आमरे का कद बढ़ सकता है।
दिल्ली कैपिटल्स के सह मालिक पार्थ जिंदल ने कहा, “सौरव गांगुली और रिकी पोंटिंग के साथ दिल्ली कैपिटल्स की अगले साल होने वाले आईपीएल की तैयारी चल रही है। हम प्रशंसकों को विश्वास दिलाते हैं कि किरण ग्रंधी (टीम के सह-मालिक) और मैं फ्रेंचाइजी को शीर्ष पर पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे है।”टाइम्स ऑफ इंडिया ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि पिछले दो साल से सहायक कोच रहे अजीत आगरकर को फ्रेंचाइजी में बड़ी भूमिका मिलने की संभावना है। प्रवीण आमरे को भी टीम में बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी।
वाटसन और होप्स की जगह नहीं आएगा कोई
एक सूत्र ने कहा, “फ्रेंचाइजी का वाटसन और होप्स की जगह किसी और को कोच के तौर पर लाने का इरादा नहीं है। भूमिका स्पष्ट करने के लिए को सपोर्ट स्टाफ को कम किया जा रहा है। आमरे ने 2015 से इस फ्रेंचाइजी को युवाओं का एक अच्छा कोर दिलाने में अच्छा काम किया है। उन्हें टीम के रीबिल्ड करने के लिए फ्री हैंड दिया जाएगा। जब कैपिटल्स ने 2019 और 2022 के बीच अच्छा प्रदर्शन किया तो पोंटिंग और आमरे रहे हैं।”
आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स का खराब प्रदर्शन
पिछले साल दिसंबर में ऋषभ पंत कार दुर्घटना का शिकार हो गए थे। ऐसे में वह आईपीएल 2023 में नहीं खेले। डेविड वार्नर ने टीम की अगुआई की और टीम का प्रदर्शन काफी खराब रहा। टीम प्लेऑफ की रेस से सबसे पहले बाहर हुई। वह 14 मैचों में 9 हार और 5 जीत के साथ अंक तालिका में 9वें नंबर पर रही।