चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार बल्लेबाज डेवोन कॉनवे आईपीएल 2024 से बाहर हो गए हैं। डेवोन कॉनवे बीते दो सीजन से टीम का अहम हिस्सा थे। चेन्नई सुपर किंग्स ने अब साफ कर दिया है कि डेवोन कॉनवे की वापसी नहीं होने वाली। चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2024 के शेष सीजन के लिए डेवोन कॉनवे की जगह रिचर्ड ग्लीसन को टीम में शामिल किया है।

रिचर्ड ग्लीसन के लिए आईपीएल में यह उनका पहला प्रदर्शन होगा। रिचर्ड ग्लीसन ने 6 टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें उनके नाम 9 विकेट हैं। जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/15 है।उन्होंने अपने करियर की शुरुआती 8 गेंद में रोहित शर्मा, विराट कोहली और ऋषभ पंत के विकेट झटके थे।

4 गेंद में भेज दिया था रोहित, कोहली और पंत को पवेलियन

रिचर्ड ग्लीसन ने 9 जुलाई 2022 को भारत के खिलाफ बर्मिंघम में मैच से अपने टी20 इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी। इंग्लैंड के व्हाइट बॉल टीम के कप्तान जोस बटलर ने रिचर्ज ग्लीसन को पारी का 5वां ओवर फेंकने के लिए गेंद थमाई। रिचर्ड ग्लीसन ने पहली 4 गेंद में 6 रन दिए, लेकिन पांचवीं गेंद पर रोहित शर्मा का विकेट झटक लिया। पांचवीं गेंद डॉट रही। रिचर्ड ग्लीसन इंग्लैंड के लिए 7वां ओवर भी लेकर आए। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर विराट कोहली और दूसरी गेंद पर ऋषभ पंत के विकेट झटक लिए।

अब तक खेले हैं 90 टी20 मैच

इसके अतिरिक्त, रिचर्ड ग्लीसन ने 90 टी20 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 8.18 की इकॉनमी रेट से 101 टी20 विकेट लिए हैं। इसमें एक बार 5 और एक बार 4 विकेट भी शामिल हैं। वह 50 लाख रुपये के रिजर्व प्राइस पर सीएसके में शामिल होंगे।

पिछले 2 सीजन में शानदार रहा था डेवोन कॉनवे का प्रदर्शन

फरवरी 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दौरान न्यूजीलैंड के डेवोन कॉनवे के बाएं हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद उनकी सर्जरी हुई थी। डेवोन कॉनवे के 8 सप्ताह तक बाहर रहने की आशंका थी।

आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का प्रतिनिधित्व करते हुए डेवोन कॉनवे ने पिछले 2 सीजन के दौरान 23 मैच खेले और 924 रन बनाए थे। जिसमें 9 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 92 रन रहा। डेवोन कॉनवे को आईपीएल 2023 के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।

IPL 2023 के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच थे डेवोन कॉनवे

डेवोन कॉनवे ने 25 गेंद में 47 रन की तूफानी पारी खेली थी, जिससे उनकी टीम को रिकॉर्ड पांचवां खिताब जीतने में मदद मिली। चेन्नई सुपर किंग्स वर्तमान में आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2024 की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला शुक्रवार 19 अप्रैल को अवे ग्राउंड पर लखनऊ सुपर जायंट्स से होना है।