इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) की शुरुआत 22 मार्च से होगी। महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स (RCB) के बीच पहला मैच होगा। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ कासी विश्वनाथन ने कहा कि फ्रेंचाइजी में महेंद्र सिंह धोनी के उत्तराधिकार को लेकर बातचीत चल रही है। उन्होंने बताया कि मालिक एन श्रीनिवासन का इसे लेकर क्या मत है?

22 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स का नेतृत्व एमएस धोनी करेंगे, लेकिन 5 बार की चैंपियन टीम भविष्य की ओर देखना चाहेगी। धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने 2023 में खिताब जीता था। इसके बाद भी धोनी ने संन्यास नहीं लिया था। वह घुटने की सर्जरी कराने के बाद एक बार फिर 2024 में खेलने को तैयार हैं। इससे पहले कासी विश्वनाथन ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी के उत्तराधिकारी को लेकर क्या चर्चा चल रही है? एन श्रीनिवासन क्या चाहते हैं?

कासी विश्वनाथन ने क्या कहा?

कासी विश्वनाथन ने एस बद्रीनाथ के यूट्यूब चैनल पर कहा, ” देखिए, अंदरखाने बातचीत हुई है, लेकिन श्रीनिवासन इसे लेकर बिल्कुल स्पष्ट हैं। उन्होंने कहा है कि कप्तान और उप-कप्तान नियुक्तियों के बारे में बात न करें। इसका फैसला कोच और कप्तान पर छोड़ दिया जाए। उन्हें निर्णय लेने दीजिए और जानकारी मुझ तक पहुंचाने दीजिए, फिर मैं आप सबको बताऊंगा। उन्होंने कहा है कि कप्तान और कोच फैसला करेंगे और हमें निर्देश देंगे तब तक हम सब चुप रहें।”

आईपीएल 2024 के लिए महेंद्र सिंह धोनी का क्या प्लान है?

कासी विश्वनाथन ने यह भी बताया कि आईपीएल 2024 के लिए महेंद्र सिंह धोनी का क्या प्लान है। उन्होंने कहा, ” हमने हमेशा नॉकआउट के लिए क्वालिफाई करने पर ध्यान केंद्रित किया है। यही हमारा पहला उद्देश्य है। इसके बाद यह उस दिन के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। हम अब भी उसका पालन कर रहे हैं। हर सीजन से पहले एमएस धोनी हमसे कहते हैं कि पहले हमें लीग मैचों पर ध्यान केंद्रित करना होगा। हम नॉकआउट के लिए क्वालिफाई करने की कोशिश करेंगे। हां दबाव तो है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में हमारी निरंतरता के कारण अधिकांश खिलाड़ी इस दबाव के आदी हो गए हैं।”