पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर वसीम अकरम ने चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि 41 साल का क्रिकेटर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के कप्तान होते तो फ्रेंचाइजी कम से कम 3 बार आईपीएल का खिताब जीती होती। इसके साथ ही उन्होंने आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली की भी तारीफ की। उन्होंने कोहली को आधुनिक युग का टॉप प्लेयर बताया।

आरसीबी अब तक 3 आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी होती

स्पोर्ट्सकीडा से बातचीत में वसीम अकरम ने कहा, “अगर एमएस धोनी कप्तान होते तो आरसीबी अब तक 3 आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी होती। उन्होंने अब तक एक भी ट्रॉफी नहीं जीती है। उनको काफ सपोर्ट मिलता है। साथ ही, उनके पास आधुनिक युग के दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी विराट हैं, लेकिन दुर्भाग्य से वे जीत नहीं पाए हैं। अगर धोनी आरसीबी में होते तो उन्हें खिताब जिताने में मदद करते।”

विराट कोहली खिताब से क्यों चूके

अकरम से कोहली के बतौर आरसीबी के कप्तान खिताब से चूकने के बारे में सवाल किया गया। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि वह कहां पिछड़े। वह बहुत मेहनती हैं। हो सकता है कि वह भारतीय क्रिकेट पर ज्यादा ध्यान दे रहा हों। कभी-कभी कप्तानी का बोझ आप पर पड़ जाता है। इसलिए, वह जहां हैं बेहतर हैं। वह काफी बेहतर कर रहे हैं और ऐसा लगता है कि वह अपने खेल का लुत्फ उठा रहे हैं। “

धोनी को कप्तानी की आदत है

अकरम ने धोनी को लेकर अंत में कहा, ” धोनी की बात करें तो उनकी यह आदत है। क्योंकि कप्तानी एक आदत है। यहां तक कि विराट ने भी इसे विकसित किया। वह (धोनी) अंदर से शांत नहीं है, लेकिन उनके चेहरे पर यह नहीं दिखता। लेकिन वह जानते है कि कभी-कभी किसी पर चिल्लाया जाता है और पीठ भी थपथपाई जाती है। इसलिए, धोनी एक ऐसे कप्तान हैं जो अपने खिलाड़ियों में आत्मविश्वास जगाते हैं।” बता दें कि धोनी की कप्तानी में चेन्नई 4 बार चैंपियन बनी है।