Indian Premier League, MI vs KKR: व्हाइट बॉल क्रिकेट में अपनी पिछली छह पारियों में सिर्फ 16 रन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव ने रविवार 16 अप्रैल को फॉर्म में वापसी की और 14 गेंदें शेष रहते अपनी टीम मुंबई इंडियंस को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 5 विकेट से जीत दिलाई। सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंद में 43 रन बनाकर कोलकाता नाइट राइडर्स के 20 ओवर में 6 विकेट पर 185 रन के जवाब में मुंबई इंडियंस को 17.4 ओवर में 5 विकेट पर 186 रन पर पहुंचा दिया।
अगली सुबह यानी सोमवार 17 अप्रैल 2023 को मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो को देखने से पता चलता है कि कैसे सूर्यकुमार यादव ने केकेआर (कोलकाता नाइट राइडर्स) के खिलाफ मैच के लिए खास तैयारी की थी। वीडियो में सूर्या को अपने सभी अपरंपरागत शॉट्स आसानी से खेलते हुए देखा जा सकता है।
विरोधियों के लिए खतरे की घंटी सूर्यकुमार यादव के शॉट्स
360 डिग्री हार्ड-हिटिंग बल्लेबाज ने कई शॉट्स का आविष्कार किया है जो क्रिकेट में शायद ही पहले कभी देखे गए हों। चाहे वह फाइन लेग पर नटराज स्वाइप हो, वाइड पर हेलिकॉप्टर व्हिप, डीप स्क्वायर लेग पर पिक-अप, स्क्वायर के पीछे फ्लिक, विकेटकीपर के ऊपर रैंप और एक्स्ट्रा कवर में ड्राइव, सूर्या के पास नेट पर वह सब कुछ था जो आईपीएल 2023 में आने वाले मुकाबलों में विरोधियों के लिए खतरे की घंटी बजाता है।
मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और इशान किशन ने दिलाई थी तेज शुरुआत
रविवार को लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस को तेज शुरुआत मिली। रोहित शर्मा इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने 13 गेंद में 20 रन बनाए और इशान किशन के साथ 29 गेंद में 65 रन जोड़े। इशान किशन ने 25 गेंद में 58 रन बनाए। इसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। अच्छी शुरुआत के बाद हालांकि, कलाई के स्पिनर सुयश शर्मा ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इससे मुंबई इंडियंस का स्कोर 7.3 ओवर में 2 विकेट पर 87 रन हो गया।
सूर्यकुमार यादव और फॉर्म में चल रहे तिलक वर्मा ने इस लय को खत्म नहीं होने दिया। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए 38 गेंद में 60 रन जोड़े। इस दौरान मुंबई इंडियंस की ओर से 4 छक्के और 7 चौके लगे। ऑलराउंडर टिम डेविड ने 13 गेंद में नाबाद 24 रन बनाकर फिनिशिंग टच दिया। इस कारण मुंबई इंडियंस ने 2.2 ओवर शेष रहते जीत हासिल की।