Sanju Samson Rajasthan Royals: राजस्थान रॉयल्स की टीम पिछले साल आईपीएल में खिताब के बेहद करीब आकर चूक गई थी लेकिन इस बार वो ये कसर पूरी करने के इरादे से उतरी है। टीम के साथ-साथ उसके कप्तान संजू सैमसन का आत्मविश्वास भी बहुत बढ़ा हुआ है। राजस्थान ने अब तक दो मैच खेले हैं। पहले मैच में संजू सैमसन ने 42 रन बनाए थे और दूसरे मुकाबले में 55 रन की पारी खेली थी। शनिवार को जब उनकी टीम दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैदान पर उतरेगी तो उनकी नजर जीत के साथ-साथ एक बड़े रिकॉर्ड पर भी होगी।

सैमसन के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका

संजू सैमसन अपने करियर का अधिकतर समय राजस्थान रॉयल्स के लिए ही खेले हैं। साल 2013 से 2015 तक वो इस टीम के लिए खेले। फिर दो सीजन दिल्ली में रहने के बाद यहां लौट आए। 2018 से अब तक वो लगातार इस टीम से जुड़े हुए हैं।

सैमसन बड़ा मुकाम हासिल करने के करीब हैं। शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में उनके पास राजस्थान रॉयल्स के लिए 3000 रन पूरे करने का मौका है। वो इस मुकाम से 54 रन दूर हैं। अगर ऐसा होता है तो वो राजस्थान के लिए 3000 रन पूरा करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

रहाणे से आगे निकल गए थे सैमसन

संजू सैमसन ने पिछले मैच में भी बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वो अजिंक्य रहाणे को पीछे छोड़कर राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए थे। उन्होंने इस टीम के लिए 30।06 के औसत से 2946 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर अजिंक्य रहाणे हैं जिन्होंने इस टीम के लिए खेलते हुए 2810 रन बनाए हैं। तीसरे नंबर पर जॉस बटलर हैं जिन्होंने 2377 रन बनाए हैं।

दिल्ली से होगा सामना

राजस्थान रॉयल्स ने अब तक दो मैच खेले हैं जिसमें उसे एक में जीत और एक में हार मिली है। पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को उन्होंने 72 रन से हराया वहीं दूसरे मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ पांच रन से हार का सामना करना पड़ा। तीसरे मुकाबले में उनके सामने दिल्ली कैपिटल्स हैं जो कि अपने पिछले दोनों मैच हारी है।