इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 3 मई 2023 को मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान रोहित शर्मा ने मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया। उन्होंने पांच बार की चैंपियन टीम के लिए मैच खेलने के मामले में ‘डबल सेंचुरी’ लगा दी। टॉस के दौरान उनका मजाकिया अंदाज भी देखने को मिला। टॉस जीतने के बाद उनसे पूछा गया कि वह क्या करना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा कि शिखर धवन ने उनसे गेंदबाजी चुनने को कहा।

पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच के दौरान टॉस के बाद अंजुम चोपड़ा ने रोहित शर्मा से सवाल किया कि वह क्या चुनेंगे? उन्होंने कहा, “मैंने शिखर धवन से पूछा कि क्या करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले गेंदबाजी करो, इसलिए हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह एक अच्छी पिच है, हमने लक्ष्य का अच्छी तरह से पीछा किया है, इसलिए हम अपनी ताकत पर टिके रहेंगे। आप हमेशा ऐसी पिचों पर स्कोर अपने सामने देखना चाहते हैं।”

मुंबई इंडियंस की टीम में एक बदलाव

रोहित शर्मा ने आगे बताया कि टीम में एक बदलाव है। राइली मेरेडिथ चोटिल हैं। उन्होंने कहा, “संतुलन बनाए रखना महत्वपूर्ण है, हमने काफी आईपीएल मैच खेले हैं, चीजें काफी जल्दी बदलती हैं। आप देख सकते हैं कि टेबल में कितने कम का फर्क है। एक टीम के रूप में हम क्या कर सकते हैं, इस पर ध्यान देना महत्वपूर्ण है। हर मैच अलग होता है और आपको अपनी योजनाओं को नए सिरे अंजाम देना होता है। हमारे टीम में एक बदलाव है, राइली मेरेडिथ घायल हैं। आकाश मदवाल टीम में शामिल हैं।”

रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के लिए 200 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी

रोहित शर्मा साल 2011 से मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेल रहे हैं। साल 2013 में उन्हें टीम की कप्तानी मिली। उनकी कप्तानी में 5 बार टीम आईपीएल खिताब जीती है। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह और जहीर खान जैसे दिग्गज फ्रेंचाइजी के लिए खेले हैं, लेकिन रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के लिए 200 मैच खेलने वाले पहली खिलाड़ी बने। कीरोन पोलार्ड ने साल 2010 से 2022 के बीच 189 मैच खेले हैं। उन्होंने इस सीजन से पहले आईपीएल से संन्यास लिया। अब वह मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच हैं।