इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान शिखर धवन से साधारण कप्तानी देखने को मिली। दिल्ली कैपिटल्स ने उनकी चूक की वजह से इस सीजन में पहली बार 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया। पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ में पहुंचने के हिसाब से यह मुकाबला काफी अहम है। टीम यह मैच हारी तो उसकी उम्मीदें धुंधली हो जाएंगी। अगला मैच जीतने पर भी उसके 14 अंक ही होंगे, जो शायद काफी न हों।
शिखर धवन का 20वें ओवर में हरप्रीत बरार से गेंदबाजी कराने का फैसला पंजाब किंग्स के लिए काफी महंगा साबित हुआ। फिल साल्ट और रिले रोसौव ने इस ओवर में 23 रन ठोके। दिल्ली की टीम ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 213 रन बना लिए। धवन ने बाएं हाथ के स्पिनर से तब गेंदबाजी कराई जब अर्शदीप सिंह और कगिसो रबाडा के ओवर बचे थे। रबाडा ने 3 ओवर में 36 रन दिए। वहीं अर्शदीप ने 2 ओवर में 21 रन दिए। बरार ने 3 ओवर में 39 रन दिए।
पृथ्वी शॉ ने जड़ा अर्धशतक
आईपीएल 2023 के प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी दिल्ली कैपिटल्स का शीर्ष क्रम पूरे सीजन जूझता रहा था। पंजाब किंग्स के गेंदबाजों के खिलाफ डेविड वार्नर की अगुआई वाली टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। डेविड वार्नर और पृथ्वी शॉ ने पहले विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की। शॉ को खराब प्रदर्शन के बाद प्लेइंग 11 से ड्रॉप कर दिया गया था। इस मैच में उन्हें मौका मिला और उन्होंने 38 गेंद पर 54 रन ठोक दिए।
रिले रोसौव ने बेहतरीन बल्लेबाजी की
डेविड वार्नर के आउट होने के बाद क्रीज पर आए रिले रोसौव ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 37 गेंद पर 82 रन ठोक दिए। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 6 छक्के जड़े। इसके अलावा फिलिप साल्ट ने 14 गेंद पर 26 रन बनाए। पंजाब की ओर से दोनों विकेट सैम करन ने लिया। उन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट लिए।