इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में मुंबई इंडियंस (MI) की परेशानी जसप्रीत बुमराह और झाय रिचर्डसन की चोट ने बढ़ा दी है। दोनों ही तेज गेंदबाज लीग के इस सत्र में नहीं खेल पाएंगे। इस बीच आकाश चोपड़ा ने भारत के स्टार पेसर को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि मुंबई इंडियंस को जसप्रीत बुमराह का विकल्प नहीं मिल सकता। भारत छोड़िए विश्व भर में उनका रिप्लेसमेंट नहीं है। हालांकि, उन्होंने 5 नाम सुझाए हैं, जिन्हें फ्रेंचाइजी अपने साथ जोड़ सकती है।
जसप्रीत बुमराह जैसा कोई नहीं मिलेगा
आकाश चोपड़ा ने जसप्रीत बुमराह को लेकर अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ” झाय रिचर्डसन और जसप्रीत बुमराह दोनों उपलब्ध नहीं होंगे। सीधी सी बात है कि आपको जसप्रीत बुमराह जैसा कोई नहीं मिलेगा। आप कुछ भी कर लें कोई विकल्प नहीं मिलेगा। पूरी दुनिया में कोई नहीं है, तो भारत में कैसे मिलेगा? “
मुंबई इंडियंस की तेज गेंदबाजी कमजोर
आकाश चोपड़ा ने आगे बताया कि 5 बार की आईपीएल चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस की तेज गेंदबाजी कमजोर है। उन्होंने कहा, “तेज गेंदबाजी वैसे भी थोड़ी कमजोर है। उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाजों को बिल्कुल नहीं रखा। जयदेव उनादकट और बासिल थंपी टीम में थे, लेकिन उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। इसलिए उनके पास भारतीय तेज गेंदबाज नहीं हैं और उन्हें खरीदा भी नहीं।”
मुंबई इंडियंस को भारतीय तेज गेंदबाजों की जरूरत
आकाश चोपड़ा ने यह भी कहा, ” मुंबई इंडियंस के प्रशंसक, फ्रेंचाइजी ओनर हैं और उनसे जुड़े लोगों के लिए यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। जोफ्रा आर्चर और जसप्रीत बुमराह की जोड़ी को देखने के लिए आप बेताब थे, लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। उनके पास क्या विकल्प हैं? आपको भारतीय तेज गेंदबाजों की जरूरत है क्योंकि अगर वह आपके पास नहीं होंगे तो मुंबई की पिचों पर काम नहीं चलेगा और आपको बेंगलुरू में भी मैच खेलना होगा।”
आकाश चोपड़ा ने मुंबई इंडियंस को भारतीय तेज गेंदबाजों के 5 विकल्प बताए
आकाश चोपड़ा ने मुंबई इंडियंस को भारतीय तेज गेंदबाजों के 5 विकल्प सुझाए। उन्होंने कहा, ” वरुण आरोन को गुजरात टाइटंस ने रिलीज किया था और वर्तमान में उन्हें किसी टीम ने नहीं लिया है। संदीप शर्मा, धवल कुलकर्णी, अंकित राजपूत और बासिल थंपी को भी किसी टीम ने नहीं लिया है। मुझे केवल यही चार-पांच नाम याद हैं। मुझे उनके अलावा और कोई नाम नजर नहीं आता।”