आईपीएल 2023 के 34वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही दिल्ली ने सीजन की दूसरी जीत दर्ज की। दिल्ली की जीत के हीरो मुकेश कुमार रहे, जिन्होंने आखिरी ओवर में 13 रन डिफेंड किए और अपनी टीम को शानदार जीत दिला दी। इससे पहले मुकेश कुमार ने 18वें ओवर में 15 रन दे दिए थे, लेकिन डेविड वार्नर ने फिर भी उनपर भरोसा जताया और मैच का आखिरी ओवर उन्हीं को दिया।

मुकेश कुमार ने यॉर्कर का किया सटीक इस्तेमाल

आखिरी ओवर में 13 रन डिफेंड करते हुए मुकेश कुमार ने अपनी टीम को 7 रन से मैच जिता दिया। आखिरी ओवर में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की। दो डॉट बॉल के साथ उन्होंने ओवर में सिर्फ 5 रन दिए। वॉशिंगटन सुंदर और मार्को जेनसेन चाहकर भी मुकेश कुमार के इस ओवर में कोई बड़ा शॉट नहीं लगा पाए। मुकेश कुमार ने आखिरी ओवर में यॉर्कर गेंदों का सटीक इस्तेमाल किया।

दिल्ली ने 5.5 करोड़ में खरीदा था मुकेश को

आपको बता दें कि मुकेश कुमार को दिल्ली कैपिटल्स ने ऑक्शन में 5.5 करोड़ रुपए में खरीदा था। पश्चिम बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले मुकेश कुमार बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले हैं। मुकेश कुमार ने 2015-16 में रणजी ट्रॉफी खेलकर अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। उस सीजन में उन्होंने बंगाल के लिए खेलते हुए 5 मैचों में 20 विकेट लिए थे। 2015-16 में ही वो विजय हजारे ट्रॉफी में खेले थे। इससे पहले वह कई बार कोलकाता, पटना और दिल्ली में प्राइज मनी टूर्नामेंट खेल चुके थे। इसके अलावा मुकेश कुमार बिहार की अंडर-19 टीम के लिए भी खेल चुके हैं।

मुकेश कुमार भारत के लिए इंटरनेशनल मैच भी खेल चुके हैं। उन्होंने अक्टूबर 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में डेब्यू करने का मौका मिला था।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats