Mitchell Marsh Delhi Capitals: दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2023 की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। टीम ने अपने पहले दोनों मैच गंवा दिए हैं. पहले मैच में उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 50 रन से हराया वहीं इसके बाद अगले मुकाबले में गुजरात ने इस टीम को छह विकेट से मात दी। ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में टीम का प्रदर्शन उस स्तर का नजर नहीं आ रहा है जैसा पिछले सीजन में था।

लगातार दो हार के बाद दिल्ली और कप्तान डेविड वॉर्नर की टेंशन और ज्यादा बढ़ने वाली है। टीम के स्टार ऑलराउंडर मिचेल मार्श सात दिन की छुट्टी पर निकलने वाले हैं और वो दिल्ली के अगले दो मैच में नहीं खेल पाएंगे।

शादी करने घर लौट रहे हैं मार्श

खबरों के मुताबिक मार्श निजी वजह से ऑस्ट्रेलिया लौट रहे हैं। वह इन सात दिनों में अपनी मंगेतर ग्रेटा बैक से शादी करने वाले हैं। साल 2021 के सितंबर महीने में मार्श ने ग्रेटा को प्रपोज किया था। सोशल मीडिया पर उन्होंने बेहद ही प्यारी तस्वीर शेयर करके फैंस को इस बारे में जानकारी दी और साथ ही उस दिन को जिंदगी का बेहद खास दिन भी बताया था। लंबे इंतजार के बाद अब दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। इसी वजह से मार्श घर लौटने वाले हैं।

दिल्ली की बढ़ेगी टेंशन

अगले सात दिनों में दिल्ली कैपिटल्स को दो मैच खेलने हैं। पहला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ है और दूसरा मुंबई इंडियंस के खिलाफ। मार्श इन दोनों ही मैचों में नहीं खेलेंगे। टीम ने 6.50 करोड़ रुपए में इस खिलाड़ी को खरीदा था। मार्श विस्फोटक बल्लेबाज होने के साथ-साथ भरोसेमंद गेंदबाज भी हैं। हालांकि इस सीजन में अब तक वह कुछ खास नहीं कर पाए हैं।

पहले मैच में उन्होंने 3.1 ओवर में एक विकेट लिया वहीं दूसरे मैच में बिना खाता खोले लौट गए थे। इसके बावजूद उनका न होना दिल्ली की टेंशन बढ़ाएगा। टीम की प्लेइंग इलेवन में बदलाव किए जाएंगे और मिचेल मार्श की जगह लेना किसी के लिए भी आसान नहीं है।