Jofra Archer Ruled Out: मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन में चीजे अब तक बहुत सही नहीं रही है। टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सीजन की शुरुआत से पहले ही बाहर हो गए थे। वहीं अब बीच सीजन में उनके दूसरे स्टार खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर भी चोट के कारण घर लौट रहे हैं। आर्चर की जगह इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस जॉर्डन को टीम में शामिल किया गया है।
क्रिस जॉर्डन लेंगे आर्चर की जगह
मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, ‘क्रिस जॉर्डन जोफ्रा आर्चर को रिप्लेस करेंगे जिनकी फिटनेस और रिकवरी पर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की नजर है। जोफ्रा आर्चर रिहैब के लिए घर लौट रहे हैं।’ आर्चर को मुंबई इंडियंस ने बड़ी रकम खर्च करके खरीदा था लेकिन अब तक उन्हें इसका नुकसान ही हुआ है।
जोफ्रा आर्चर पर खर्च हुए थे 8 करोड़ रुपए
साल 2022 में हुए मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने 8 करोड़ रुपए खर्च करके जोफ्रा आर्चर को अपने साथ जोड़ा था। आर्चर 2022 के पूरे सीजन से ही बाहर हो गए थे। 2023 में वह टीम में शामिल हुए और केवल पांच मैच ही खेल पाए। अब उन्हीं के साथी जॉर्डर मुंबई में उन्हें रिप्लेस करेंगे।
मुंबई के लिए मुश्किल है आगे की राह
क्रिस जॉर्डन की बात करें तो ये खिलाड़ी 30 अप्रैल को ही मुंबई इंडियंस से जुड़ गया था लेकिन तब ये साफ नहीं हुआ था इस खिलाड़ी को किसकी जगह मौका दिया जाएगा। जॉर्डन ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। हालांकि अब ये खिलाड़ी मुंबई इंडियंस की नैया को पार लगाने की कोशिश करेगा। मुंबई की टीम ने अब तक 10 मैचों में से पांच में ही जीत हासिल की है. 10 अंकों के साथ वह फिलहाल आठवें नंबर पर हैं. यहां से उसके लिए हर मैच जीतना काफी अहम है।