इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में काव्या मारन की फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी हैरी ब्रूक खोटा सिक्का साबित हो रहे हैं। दिसंबर में हुए ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने ब्रूक को खरीदने के पानी की तरह पैसे बहाए थे। उन्हें 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा। ब्रूक ने अपने प्रदर्शन से टीम को निराश ही किया। शतकीय पारी छोड़ दें तो उनका औसत 7.87 का रहा है।

सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच पहली बार जब आमना सामना हुआ था तब हैरी ब्रूक ने नाबाद 55 गेंद पर 100 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 3 छक्के लगाए थे। इस पारी के बाद ब्रूक का बल्ला खामोश हो गया। इस मैच से पहले भी उनका बल्ला नहीं चला था।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats

हैरी ब्रूक का आईपीएल 2023 में आंकड़ा

शतकीय पारी वाला मैच छोड़ दें तो हैरी ब्रूक ने 8 पारियों में 7.87 के औसत और 79.74 के स्ट्राइक रेट से 63 रन बनाए हैं। उन्होंने 79 गेंद का सामना किया है। आईपीएल 2023 में उन्होंने 9 मैच की 9 पारियों में 20.38 के औसत और 121.64 के स्ट्राइक रेट से 163 रन बनाए हैं। उन्होंने 21 चौके और 3 छक्के लगाए हैं। शतकीय पारी के बाद वह एक भी छक्का नहीं लगा पाए हैं। साफ है एडेन मार्करम की अगुआई वाली टीम के लिए 13.25 करोड़ रुपये का बल्लेबाज सिरदर्द बना हुआ है।

कोलकाता के खिलाफ डक पर लौटे पवेलियन

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में गुरुवार को हैरी ब्रूक नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आए। उन्होंने 4 गेंद का सामना किया और बगैर खाता खोले पवेलियन लौट हए। अनुकूल रॉय ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया। इंटरनेशनल टी20 करियर की बात करें तो 24 साल के इस बल्लेबाज ने 20 मैच की 17 पारियों में 26.57 के औसत और 137.78 के स्ट्राइक रेट से 372 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 अर्धशतक जड़ा है।