CSK vs GT, Final: आईपीएल के 16 साल के इतिहास में पहला मौका है जब फाइनल मुकाबला रिजर्व डे के दिन खेला जाएगा। रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाना था। हालांकि बारिश के चलते एक भी ओवर नहीं डाला जा सका और मैच को रिजर्व डे पर आयोजित करने का फैसला किया गया। रिजर्व डे और महेंद्र सिंह धोनी का इतिहास बहुत अच्छा नहीं रहा है।

रिजर्व डे पर ही धोनी ने खेला था आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच

पिछली बार जब महेंद्र सिंह धोनी ने रिजर्व डे पर बल्लेबाजी की थी तब उन्होंने अर्धशतक लगाया था हालांकि इस मैच ने भारत के फैंस को कभी न भूलने वाला दर्द दिया था। यह मैच था साल 2019 के वनडे वर्ल्ड कप का सेमीफाइल जहां भारत का सामना न्यूजलैंड से हुआ था। इस मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी 50 रन बनाकर रनआउट हुए थे और फिर कभी भारतीय टीम की जर्सी में नजर नहीं आए। यह धोनी के करियर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। भारतीय टीम यह मैच हारी थी और वर्ल्ड कप से बाहर हो गई थी।

रिजर्व डे पर चेन्नई को जिताने उतरेंगे धोनी

महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर रिजर्व डे के दिन अपनी टीम को खिताब जिताने उतरेंगे। इस बार वह टीम के कप्तान हैं। माही चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवीं बार खिताब जिताना चाहेंग। धोनी के फैंस नहीं चाहेंगे कि एक बार फिर से रिजर्व डे का काल उनके थाला पर भारी पड़े और कहीं यह फाइनल मैच धोनी का आखिरी आईपीएल मुकाबला साबित न हो जाए।

धोनी ने रिटायरमेंट पर दिया था बयान

इस सीजन को महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी सीजन माना जा रहा था। हालांकि धोनी ने ऐसी सारी संभावनाओं से इनकार कर दिया था। उन्होंने पहले क्वालिफायर के दौरान कहा था कि अब तक उन्होंने इसे लेकर फैसला नहीं किया है। उन्होंने कहा था कि उनके पास फैसला करने के लिए आठ-नौ महीने का वक्त बचा है। ऐसे में वह फैसले को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहते। फैंस नहीं चाहेंगे कि रिजर्व डे पर खेले जाने वाला यह फाइनल मैच धोनी का आखिरी आईपीएल मैच हो।