Arjun Tendulkar Expensive Over: आईपीएल 2023 में डेब्यू करने वाले अर्जुन तेंदुलकर के लिए शनिवार का दिन बुरे सपने की तरह रहा। इस लीग में महज तीन मैच पुराने अर्जुन ने शनिवार को इस सीजन का सबसे महंगा ओवर डाला। पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने घर पर खेल रहे अर्जुन ने इस मुकाबले में तीन ओवर डाले जिसमें उन्होंने 48 रन दे डाले। हालांकि इस दौरान उनके नाम एक विकेट भी रहा।

अर्जुन ने की थी अच्छी शुरुआत

पंजाब किंग्स के बल्लेबाज शनिवार को विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। अर्जुन तेंदुलकर भी इसका शिकार बने। इस मुकाबले में भी गेंदबाजी की शुरुआत अर्जुन तेंदुकर ने ही की थी। पहले ओवर में उन्होंने दो वाइड गेंद के बावजूद केवल 5 रन दिए। अपने दूसरे ओवर में इस खिलाड़ी ने 12 रन दिए लेकिन प्रभसिमरन का अहम विकेट भी हासिल किया। इसके बाद अर्जुन को 16वें ओवर में अटैक पर लगाया गया और ये ओवर सीजन का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ।

सैम कर और हरप्रीत सिंह ने कूटे रन

अर्जुन ने 16वां ओवर डाला जिसमें उन्होंने 31 रन दिए थे। ओवर की पहली गेंद पर सैम करन ने लॉन्ग ऑफ पर छक्का जमाया। इसकी अगली गेंद वाइड रही और फिर सैम करन ने स्विंग करते हुए चौका जड़ दिया। ओवर की तीसरी गेंद पर सिंगल लेने के बाद हरप्रीत सिंह स्ट्राइक पर थे। उन्होंने चौथी गेंद पर चौका जमाया।

वो यही नहीं रुके अगली गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर छक्का लगा दिया। इतने रन खाने के बाद अर्जुन तेंदुलकर भी दबाव में आ गए। उन्होंने आखिरी गेंद नो बॉल डाली, जिसपर चार रन आ गए। वहीं आखिरी गेंद पर भी हरप्रीत ने चौका लगाया। अर्जुन ने ये ओवर 31 रन के साथ खत्म किया।

अर्जुन ने यश दयाल की बराबरी की

अर्जुन इस सीजन में सबसे महंगा ओवर डालने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने गुजरात टाइटंस के यश दयाल की बराबरी की जिन्होंने केकेआर के खिलाफ 31 रन दिए थे। उन्होंने पारी का आखिरी ओवर डाला था जिसमें केकेआर के रिंकू सिंह ने पांच छक्के जड़े थे।