IPL 2023, LSG vs SRH: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच से एडेन मार्कराम ने अपना कप्तानी का डेब्यू किया। हालांकि, इस ऐतिहासिक पल को यादगार नहीं बना पाए। वह पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए। खास यह कि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच से पहले एडेन मार्कराम ने साउथ अफ्रीका के लिए 2 अप्रैल 2023 को एकदिवसीय मैच खेला था।

उस मैच में उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ 175 रन की पारी खेली थी। साउथ अफ्रीका ने उस मैच में 50 ओवर में 8 विकेट पर 370 रन बनाए थे और नीदरलैंड के खिलाफ 146 रन से जीत हासिल की थी। हालांकि, एडेन मार्कराम उसके बाद अपने अगले ही मैच में वह गोल्डन डक हो गए।

लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के क्रुणाल पंड्या ने उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। नीचे वीडियो में आप भी क्रुणाल पंड्या की गेंद पर एडेन मार्कराम की गिल्लियां बिखरते हुए देख सकते हैं।

लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच की बात करें तो एडेन मार्कराम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। हालांकि, उनका यह फैसला बहुत सही साबित नहीं हुआ। सनराइजर्स हैदराबाद ने 10 ओवर में ही 4 विकेट गंवा दिए थे और स्कोरकार्ड पर सिर्फ 64 रन ही जुड़े थे।

क्रुणाल पंड्या लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए। यह आईपीएल में उनका दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले उन्होंने 2017 में गुजरात लायंस के खिलाफ 4 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए थे।

सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 121 रन बनाए। उसकी ओर से राहुल त्रिपाठी ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 4 चौके की मदद से 41 गेंद में 35 रन बनाए। अनमोलप्रीत सिंह दूसरे हाइएस्ट स्कोरर बने। उन्होंने 3 चौके और एक छक्के की मदद से 26 गेंद में 31 रन बनाए।

अब्दुल समद ने कैमियो खेला। उन्होंने 10 गेंद में एक चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 21 रन बनाए। लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से यश ठाकुर और रवि बिश्नोई ने एक-एक और अमित मिश्रा ने 23 रन देकर 2 विकेट लिए।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats