इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर अभिषेक पोरेल ने मंगलवार को मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा का शानदार कैच लपका। उन्होंने यह कैच मुंबई की पारी के 17वें ओवर में लिया। रोहित शर्मा ने मुस्तफिजुर रहमान की वाइड यॉर्कर को थर्ड मैन की तरफ गाइड करने की कोशिश की, लेकिन वह गेंद को अच्छी तरह से टाइम नहीं कर पाए और गेंद हवा में चली गई। स्टंप्स के पीछे पोरेल ने चीते की तरह छलांग लगाई और एक हाथ से कैच पकड़ा।

20 साल के विकेटकीपर अभिषेक पोरेल ने ऐसा कैच पकड़ने के लिए नेट्स पर काफी मेहनत की थी। दिल्ली कैपिटल्स ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह ड्राइव लगाकर एक हाथ से कैच पकड़ते दिखे। इस वीडियो में सरफराज खान भी दिख रहे हैं। वह भी विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस कर रहे हैं। अभिषेक की मेहनत रंग लाई और उनके इस शानदार कैच से रोहित शर्मा की बेहतरीन पारी का अंत हुआ।

रोहित शर्मा ने 45 गेंद पर 65 रन की पारी खेली

रोहित शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 45 गेंद पर 65 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए। उन्होंने आईपीएल में 2021 के बाद पहली बार अर्धशतक लगाया। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 172 रन बनाए। मुंबई की टीम ने 173 रन के लक्ष्य को आखिरी गेंद पर हासिल किया।

दिल्ली कैपिटल्स की लगातार चौथी हार

मुंबई इंडियंस की टीम का इस जीत के साथ आईपीएल 2023 में खाता खुल गया। टीम 3 में से 2 मैच हारी है और अंक तालिका में 7वें नंबर पर है। दूसरी ओर दिल्ली की टीम लगातार 4 मैच हारकर अंक तालिका में सबसे नीचे है। उसके लिए बल्लेबाजी चिंता का कारण है। डेविड वार्नर ने लगातार 3 अर्धशतक जड़ा है, लेकिन वह काफी धीमी बल्लेबाजी कर रहे हैं। पृथ्वी शॉ और मनीष पांडे जैसे बल्लेबाज रन नहीं बना पा रहे हैं।