इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स से मिली हार के बाद रोहित शर्मा को एक और झटका लगा है। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। दरअसल, उनकी टीम ने ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मैच में स्लो ओवर रेट (तय समय में निर्धारित ओवर पूरे नहीं किए) बनाए रखा।
आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया है, चूंकि यह आईपीएल की आचार संहिता के तहत यह न्यूनतम ओवर-रेट अपराध से संबंधित उनकी टीम का सीजन का पहला अपराध है। इसे देखते हुए बतौर कप्तान रोहित पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। यहां खास यह है कि रोहित शर्मा पर आईपीएल 2021 में भी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के बाद 12 लाख का जुर्माना लगाया गया था। उस मैच में भी यही कारण था।
जहां तक मैच की बात करें तो अक्षर पटेल और ललित यादव की नाबाद साझेदारी ने दिल्ली कैपिटल्स को 10 गेंद शेष रहते मुंबई इंडियंस के खिलाफ 4 विकेट से जीत दिला दी। दिल्ली कैपिटल्स ने 178 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.2 ओवर में 6 विकेट पर 179 रन बनाए। ललित ने 38 गेंदों में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 48 रन की नाबाद पारी खेली।
वहीं, अक्षर पटेल ने 17 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे। ललित और अक्षर ने 30 गेंद में 75 रन की नाबाद साझेदारी की। मुंबई इंडियंस के बासिल थम्पी अच्छी फॉर्म में दिखे। उन्होंने 4 ओवर में 3 विकेट लिए। दिल्ली कैपिटल्स के कुलदीप यादव ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए। वह प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए।