अर्जुन तेंदुलकर का इस सीजन भी आईपीएल डेब्यू नहीं होने के पीछे के राज पर से पर्दा उठ गया है। दरअसल, दो कमियां इस ऑलराउंडर की राह का रोड़ा बनी हुईं हैं, जिसके कारण वह मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने में नाकाम रहे। इंडियन प्रीमिर लीग (आईपीएल) 2022 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को 30 लाख रुपए में खरीदा था।

हालांकि, 22 साल के इस युवा खिलाड़ी को हाल ही में समाप्त हुए सत्र में एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। बाएं हाथ के सीमर अर्जुन तेंदुलकर पिछले कुछ साल से मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं, लेकिन उनका कौशल नेट्स तक ही सीमित है। वह अब तक आईपीएल में डेब्यू नहीं कर पाएं हैं। अब मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड ने उनके प्लेइंग इलेवन में नहीं चुने जाने को लेकर बयान दिया है।

अर्जुन तेंदुलकर को 2021 आईपीएल की नीलामी में भी मुंबई इंडियंस ने खरीदा था, लेकिन उन्हें तब भी कोई मैच खेलने को नहीं मिला था। इसके बावजूद पांच बार के चैंपियन ने उन्हें फिर से आईपीएल 2022 के लिए चुनी गई टीम में शामिल किया था। इस कारण क्रिकेट फैंस को उम्मीद थी कि शायद इस बार उनका आईपीएल में डेब्यू हो जाए।

शेन बॉन्ड का कहना है कि अर्जुन को अब भी अपनी बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण पर मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने स्पोर्ट्सक्रीडा से बातचीत करते हुए कहा, ‘अर्जुन को अभी थोड़ी और मेहनत करने की जरूरत है। जब आप मुंबई इंडियंस जैसी टीम के लिए खेल रहे हों, तो टीम बनाना एक बात है, लेकिन प्लेइंग इलेवन बनाना दूसरी बात है।’

शेन बॉन्ड ने कहा, ‘जब आप आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में खेलते हैं, तो सभी को मौका देना एक अलग बात है, लेकिन इसके लिए आपको अपना जगह बनानी पड़ती है। अर्जुन को अब भी अपनी बल्लेबाजी और विशेष रूप से क्षेत्ररक्षण पर कुछ काम करना है। उम्मीद है कि अर्जुन तेंदुलकर आगे और मेहनत करेंगे और टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रहेंगे।’

इससे पहले, मुंबई इंडियंस ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया था। उस वीडियो में अर्जुन तेंदुलकर को अपनी टीम के साथी का विकेट चटकाते हुए देखा जा सकता था। जहीर खान की राय है कि जूनियर तेंदुलकर को सीखने की बहुत भूख है। वह कोचिंग स्टाफ से तेजी से चीजें सीख रहे हैं।