इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 की शुरुआत 26 मार्च से होनी है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। वहीं, मुंबई इंडियंस की टीम ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मैच से टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। हालांकि, अब जो खबर आ रही है, उसके मुताबिक मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2022 की शुरुआत में ही झटका लग सकता है।

उसके स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को 27 मार्च के मुकाबले से बाहर होना पड़ सकता है, क्योंकि अंगूठे की चोट से उनके पूरी तरह उबरने की संभावना नहीं है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान सूर्यकुमार यादव चोटिल हो गए थे। बाद में एक्सरे रिपोर्ट में उनके अंगूठे में हेयरलाइन फ्रैक्चर निकला था। इसी कारण वह श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले पाए थे। बता दें कि सूर्यकुमार यादव उन 4 खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने रिटेन किया था।

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने नाम न उजागर करने की शर्तों पर पीटीआई को बताया, ‘सूर्या इस समय एनसीए में अपना रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। वह ठीक होने के रास्ते पर हैं, लेकिन शुरुआती मैच में उनकी भागीदारी की संभावना नहीं है। ऐसे में काफी हद तक संभावना है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की मेडिकल टीम उन्हें मुंबई इंडियंस के शुरुआती मुकाबले में खिलाने का कोई जोखिम नहीं उठाए।’

मुंबई इंडियंस के लिए सूर्यकुमार यादव, कप्तान रोहित शर्मा और उनके इशान किशन के अलावा सबसे महत्वपूर्ण बल्लेबाज हैं, इसलिए मुंबई इंडियंस टीम प्रबंधन भी कोई जोखिम नहीं उठाना चाहेगा, क्योंकि टूर्नामेंट काफी लंबा चलने वाला है। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में इशान किशन को 15.25 करोड़ रुपए में खरीदा था।

मुंबई इंडियंस का पहला मैच 27 मार्च को है। इसके बाद मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 2 अप्रैल को होना है। यानी पहले और दूसरे मुकाबले के बीच 5 दिन का अंतर है। उम्मीद है कि तब तक सूर्यकुमार यादव ठीक हो सकते हैं। मुंबई इंडियंस का दूसरा मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से है। सूत्र ने बताया, ‘मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस के दूसरे मैच से पहले वह वह 100 प्रतिशत फिट हो जाएंगे।’