इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस (MI) की टीम प्रदर्शन अभी तक खराब रहा है। टीम को अबतक एक भी मैच में जीत नहीं मिली है। पांच में पांच मैच हारकर वह अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है। टीम को शनिवार को लखनऊ सुपरजायंट्स से मैच खेलना है और उसे हार हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इस मुकाबले से पहले फ्रेंचाइजी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक ऐसी फोटो शेयर की है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है।

मुंबई की टीम ने महान क्रिकेटर अर्जुन तेंदुलकर की फोटो शेयर की है। इसका कैप्शन आज के मैच से संबंधित है। पोस्ट का कैप्शन #MIvLSG on our minds! दिया गया है। इसपर उनकी बड़ी बहन सारा तेंदुलकर ने कमेंट किया है। इसके बाद से कयास लगाए जाने लगे हैं कि क्या लखनऊ के खिलाफ अर्जुन डेब्यू करेंगे? कई यूजर्स ने इस पोस्ट पर कमेंट करके पूछा है कि क्या अर्जुन आज के मैच में डेब्यू करेंगे?

अर्जुन को मेगा ऑक्शन में मुंबई ने 30 लाख रुपये में दोबारा साइन किया था। बाएं हाथ के इस युवा तेज गेंदबाज के लिए गुजरात टाइटंस ने भी बोली लगाई थी। उन्होंने मुंबई राज्य की टीम के लिए दो टी20 मैच खेले हैं। यदि अर्जुन को मौका मिलता है, तो बंसिल थंपी या जयदेव उनादकट में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। मुंबई की गेंदबाजी कमजोर दिखाई दे रही है।

इस बीच, पांच बार की विजेता मुंबई को इस सीजन की अपनी पहली जीत की तलाश जारी है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ हार के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद टीम को राजस्थान रॉयल्स (RR), कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और पंजाब किंग्स (PBKS) से हार का सामना करना पड़ा।

मुंबई की टीम अब अगर एक भी मैच हारती है तो उसकी प्लेऑफ में जाने की संभावना कम होती जाएगी। केएल राहुल की अगुवाई वाली लखनऊ की बात करें तो टीम का प्रदर्शन अभी तक अच्छा रहा है। इसने 5 मैचों में 3 जीत हासिल की है। अंक तालिका में वह 5वें स्थान पर है। टीम को पिछले मैच में राजस्थान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।