आईपीएल 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के पूर्व कप्तान विराट कोहली का खराब फॉर्म जारी है। मंगलवार को नवी मुंबई में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच में वह गोल्डन डक पर आउट हुए। अनुज रावत को दुष्मंथा चमीरा ने आउट कर टीम को पहला झटका दिया। इसके बाद कोहली बल्लेबाजी करने आए और पहली गेंद पर पवेलियन लौट गए। चमीरा ने कोहली को ऑफ स्टंप के बाहर गेंद फेंकी और विराट ने दीपक हुड्डा को बैकवर्ड पॉइंट पर एक आसान कैच थमा दिया।
कोहली इस सीजन में अर्धशतक बनाने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में 48 रन बनाए थे। यह अबतक का उनका इस सीजन में सर्वाधिक स्कोर है। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ सीजन के पहले मैच में नाबाद 41 रन बनाए थे, लेकिन इसके अलावा वह अन्य मैचों में 12,5,1 और 12 का स्कोर किया। कोहली ने लखनऊ के खिलाफ इस सीजन में पहली बार डक पर आउट हुए।
विराट का बल्ला खामोश- विराट कोहली आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है। इस साल उनका बल्ला खामोश रहा है। पावरप्ले में वह जूझते दिखे हैं। वह इस साल चार बार पावरप्ले में बल्लेबाजी करने आए हैं और तीन बार आउट हुए हैं। इस दौरान उन्होंने 8.33 की औसत से 25 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 108.69 का रहा है।
साल 2017 के बाद पहली बार गोल्डन डक का शिकार- विराट कोहली अपने आईपीएल करियर में चौथी बार गोल्डन डक यानी पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटे हैं। वह चार सीजन बाद पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटे हैं। इससे पहले वह गोल्डन डक पर साल 2017 में आउट हुए थे। इसके बाद 2018, 2019, 2020 और 2021 में ऐसा नहीं हुआ। बता दें कि दाएं हाथ के बल्लेबाज ने पिछले सीजन के बाद फ्रेंचाइजी की कप्तानी छोड़ दी थी और फाफ डुप्लेसिस टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
कब-कब गोल्ड डक का शिकार हुए कोहली- विराट कोहली को सबसे पहले साल 2008 में मुंबई की ओर से खेलते हुए आशीष नेहरा ने गोल्डन डक पर आउट किया था। इसके बाद साल 2014 में पंजाब की ओर से संदीप शर्मा ने उन्हें पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया था। साल 2017 में कोलकाता से खेलते हुए नाथन कूल्टर नाइल ने उन्हें गोल्डन डक पर पवेलियन भेजा था। इसके बाद साल 2022 में लखनऊ की ओर से दुष्मंथा चमीरा ने उन्हें गोल्डन डक पर पवेलियन भेजा।