इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 की शुरुआत आज यानी 26 मार्च 2022 को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेले जाने वाले मुकाबले से होगी। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। दोनों ही टीमों इस बार नए कप्तानों की अगुआई में मैदान पर उतरेंगी। केकेआर की कमान श्रेयस अय्यर के पास है। श्रेयस अय्यर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान रह चुके हैं। उनकी अगुआई में ही दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल में अपना पहला फाइनल (साल 2020) खेला था। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी रविंद्र जडेजा करेंगे। महेंद्र सिंह धोनी ने 24 मार्च 2022 को चेन्नई सुपर किंग्स की कमान छोड़ दी। वहीं, आईपीएल 2021 में केकेआर इयोन मॉर्गन के नेतृत्व में खेली थी।
वानखेड़े स्टेडियम में शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) का रिकॉर्ड खराब रहा है। उसने इस मैदान पर अब तक 11 मैच खेले हैं। इसमें से उसे 10 में हार झेलनी पड़ी है। वानखेड़े स्टेडियम में यह किसी भी टीम का सबसे खराब आंकड़ा है। दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) ने इस मैदान पर 19 मैच खेले हैं। इसमें उसे 11 में जीत हासिल हुई है। साल 2021 से इस मैदान पर खेले गए सभी टी20 मैच में जीतने वाली टीम का औसतन स्कोर 200 रहा है।
एक आंकड़ा श्रेयस अय्यर बिग्रेड के पक्ष में जाता हुआ दिखता है। वह है कोलकाता नाइट राइडर्स के आईपीएल में अपने पहले मुकाबलों का। केकेआर ने अब तक अपने 14 पहले मुकाबलों में से 10 में जीत हासिल की है। उसने आईपीएल 2013 से लेकर 2019 तक लगातार 7 बार अपने पहले मैच में जीत हासिल की थी। आईपीएल 2020 में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को उसके पहले मुकाबले में 49 रन से हराया था।
चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच दूसरी बार आईपीएल का उद्घाटन मैच खेला जाना है। इससे पहले आईपीएल 2011 के उद्घाटन मुकाबले में दोनों टीमें आमने-सामने हुईं थीं। तब चेन्नई सुपर किंग्स ने उस मैच में 2 रन से जीत हासिल की थी। चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक 12 बार आईपीएल के ओपनिंग मैच खेले हैं। इसमें से उसे 6 में जीत और 6 में हार का सामना करना पड़ा है।