शिखर धवन और पृथ्वी शॉ भारतीय क्रिकेट टीम के दो सबसे अद्भुत और मजेदार क्रिकेटर हैं। ये दोनों भारत के लिए खेलने के अलावा आईपीएल की एक ही फ्रैंचाइजी यानी दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी खेलते हैं। आईपीएल 2021 संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) चरण शुरू होने के साथ, खिलाड़ी एक बार फिर से कुछ अद्भुत ऑफ-द-फील्ड मस्ती के लिए एकजुट हो गए हैं।

शिखर धवन और पृथ्वी शॉ ने अपने-अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें दोनों ने स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक साथ निभाना साथिया के एक सीन को रिक्रिएट किया है। शिखर धवन ने साथ निभाना साथिया में छोटी सास कोकिला मोदी और पृथ्वी शॉ ने मोदी भवन की नौकरानी मणि की एक्टिंग की है। दोनों का यह वीडियो देखने के बाद इतना तो तय है कि आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे।

वीडियो में पृथ्वी शॉ खाने की प्लेट को लेकर चल रहे हैं। धवन उन्हें रोककर पूछते हैं, ‘मणि क्या कर रही हो।’ जवाब में पृथ्वी शॉ कहते हैं, ‘सब्जी बनाने जा रही हैं।’ धवन कहते हैं, ‘आज सब्जी नहीं बनेगी। आज पोहे बनेंगे। क्या समझी?’ पृथ्वी शॉ कहते हैं, ‘पोहे बनेंगे।’ धवन कहते हैं, ‘निकालो पोहे।’ इस दौरान दोनों खिलाड़ी अपने-अपने डायलॉग बोलने के साथ-साथ डांस भी करते हैं।

धवन ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘आज सब्जी नहीं पोहे बनेंगे।’ उनके वीडियो थोड़ी देर में ही वायरल हो गए। धवन के वीडियो पर दो घंटे के भीतर 3.5 लाख से ज्यादा लाइक्स और 6 हजार से ज्यादा कमेंट्स आ चुके थे। वहीं, पृथ्वी शॉ के वीडियो पर करीब एक लाख लाइक्स और 1800 से ज्यादा कमेंट्स आ चुके थे।

कमेंट्स करने वालों में टीम इंडिया और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के कई खिलाड़ी भी शामिल हैं। यही नहीं, युवजेंद्र चहल की पत्नी धनश्री वर्मा ने भी खूब मजे लिए हैं। धनश्री वर्मा ने हंसने वाली कई इमोजी पोस्ट करने के बाद लिखा, ‘ओह मैन।’ फिल्म अभिनेता करन वाही ने भी कमेंट सेक्शन में हंसने वाली ढेर सारी इमोजी पोस्ट की हैं। दुनिया भर में प्रसिद्ध लाइफस्टाइल कोच ल्यूक कॉटिन्हो ने कमेंट बॉक्स में लिखा, ‘जो तुमने पहन रखा है वह बहुत बढ़िया है।’

शिखर धवन इससे पहले भी पृथ्वी शॉ के साथ सोशल मीडिया पर मस्ती करते दिखे हैं। आईपीएल 2020 की शुरुआत से पहले शिखर धवन ने एक मजेदार वीडियो शेयर किया था। उस वीडियो में शिखर धवन और पृथ्वी शॉ ‘अपुन बोला तू मेरी लैला’ गाने पर मस्ती करते दिखे थे। शिखर धवन ने इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा था, ‘मेरी लैला कोविड टाइम में पृथ्वी शॉ।’

आईपीएल 2021 के पहले चरण में शिखर धवन और पृथ्वी शॉ की जोड़ी मैदान पर भी हिट रही थी। शिखर धवन ने पहले चरण में 8 मैचों में 54.28 के औसत से 380 रन बनाए हैं। इसमें तीन अर्धशतक भी शामिल हैं।

शिखर धवन फिलहाल इस सीजन सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पहले नंबर पर है। पृथ्वी शॉ ने भी 8 मैच में 38.50 के औसत और 166.48 के स्ट्राइक रेट से 308 रन बना डाले। इस दौरान पृथ्वी के बल्ले से तीन अर्धशतक निकले।