इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन के लिए मिनी-ऑक्शन का आयोजन 18 फरवरी को चेन्नई में किया जाएगा। नीलामी के लिए खिलाड़ियों 1097 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। आईपीएल ने शुक्रवार (5 फरवरी) को इसके बारे में जानकारी दी। नीलामी में हिस्सा लेने के लिए 814 भारतीय और 283 विदेशी खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। खिलाड़ियों की नीलामी 18 फरवरी को दोपहर 3 बजे से शुरू होगी।
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क IPL 2021 का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। स्टार्क पिछली बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 2015 में खेले थे। बांग्लादेश के शाकिब अल हसन और भारत के पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत पर फ्रैंचाइजी बोली लगा सकती है। शाकिब ने खुद ने 2 करोड़ के टॉप बेस प्राइस में रखा है। श्रीसंत का बेस प्राइस 75 लाख है। 2 करोड़ की बेस प्राइस में शाकिब के अलावा केदार जाधव, हरभजन सिंह, ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, मोईन अली, सैम बिलिंग्स, लियम प्लंकेट, जेसन रॉय, मार्क वुड और कॉलिन इनग्राम हैं।
अपने 100वें टेस्ट मैच में शतक लगाने इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने भी खुद को ऑक्शन से बाहर रखा है। उन्होंने पिछले साल भी नीलामी में अपना नाम नहीं डाला था। हैरी गर्नी, टॉम बैंटन और जैम्स पैटिंसन भी इस बार नीलामी का हिस्सा नहीं होंगे। डेविड मलान ने डेढ़ करोड़ (1.5 करोड़) की बेस प्राइस वाली लिस्ट में खुद को रखा है। उनके साथ इस वर्ग में मुजीब उर रहमान, एलेक्स कैरी, नाथन कूल्टर नाइल, झाए रिचर्डसन, मिशेल स्वीपसन, टॉम करन, लुईस ग्रेगरी, एलेक्स हेल्स, एडम लिथ, आदिल रशीद और डेविड विली हैं।
एक करोड़ की बेस प्राइस में ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के कप्तान एरॉन फिंच हैं। उनके साथ इस वर्ग में उमेश यादव, हनुमा विहारी, मार्नस लाबुशेन और शेल्डन कॉटरेल हैं। नीलामी की लिस्ट में 207 कैप्ड, 863 अनकैप्ड और 27 एसोसिएट खिलाड़ी हैं। अगर सभी फ्रैंचाइजियों ने अपने 25 खिलाड़ियों के कोटे को पूरा किया तो इस नीलामी में 61 खिलाड़ी बिकेंगे यानि कि कुल 61 खिलाड़ियों की जगह खाली है। इनमें 22 विदेशी खिलाड़ी होंगे।
विदेशी खिलाड़ियों की बात करें तो सबसे ज्यादा वेस्टइंडीज के 56 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। ऑस्ट्रेलिया के 42, दक्षिण अफ्रीका के 38, श्रीलंका के 31, अफगानिस्तान के 30, न्यूजीलैंड के 29, इंग्लैंड के 21, यूएऊ के 9, नेपाल के 8, स्कॉटलैंड के 7, बांग्लादेश के 5, अमेरिका, जिम्बाब्वे और आयरलैंड के 2-2 खिलाड़ियों ने नाम दर्ज कराया है। नीदरलैंड के एक खिलाड़ी ने रजिस्ट्रेशन करवाया है।