इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 22वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने किंग्स इलेवन पंजाब को 69 रन से हरा दिया। डेविड वार्नर, जॉनी बेयरस्टो की धुआंधार बल्लेबाजी के बाद राशिद खान ने 4 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट झटके। जिसकी मदद से हैदराबाद इतनी बड़ी जीत हासिल करने में सफल रहा।
हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने 20 ओवर में 6 विकेट पर 201 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम 16.5 ओवरों में 132 रन पर ऑलआउट हो गई। पंजाब की ओर से निकोलस पूरन ने 17 गेंद में अर्धशतक बनाया। वह 37 गेंद में 77 रन बनाकर आउट हुए।
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से राशिद खान सबसे सफल रहे। उन्होंने एक ओवर मेडन फेंकते हुए 3 विकेट चटकाए। राशिद के अलावा खलील अहमद और टी नटराजन ने 24-24 रन देकर 2-2 विकेट लिए। अभिषेक शर्मा ने भी एक विकेट अपने नाम किया। मयंक अग्रवाल और ग्लेन मैक्सवेल रन आउट हुए।
IPL 2020 Live Streaming, SRH vs KXIP Live Score Online
इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद एक, जबकि किंग्स इलेवन पंजाब 3 बदलाव के साथ उतरा। सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर डेविड वार्नर ने 40 गेंद में 52 और जॉनी बेयरस्टो ने 55 गेंद में 97 रन बनाए। इसके अलावा केन विलियमसन ने 10 गेंद में नाबाद 20 और अभिषेक शर्मा ने 6 गेंद में नाबाद 12 रन बनाए। इन दोनों के अलावा उसका कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।
पंजाब की ओर से रवि बिश्नोई ने 29 रन देकर 3 और अर्शदीप ने 33 रन देकर 2 विकेट लिए। एक विकेट मोहम्मद शमी ने लिया। आईपीएल में रनों के लिहाज से हैदराबाद की यह तीसरी सबसे बड़ी जीत है। उसने 2019 में हैदराबाद के मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर को 118 रन से हराया था, जो उसकी सबसे बड़ी जीत है। हैदराबाद ने 2016 में विजाग क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस को 85 रनों से हराया था।


राशिद खान ने 13वां ओवर फेंका। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर मनदीप सिंह को बोल्ड कर दिया। मनदीप 6 गेंद में 6 रन बनाए। उनकी जगह मुजीब उर रहमान क्रीज पर आए। 13वें ओवर के बाद पंजाब का स्कोर 5 विकेट पर 117 रन है।
11वां ओवर टी नटराजन लेकर आए। इस ओवर की आखिरी गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल प्रियम गर्ग के डायरेक्ट हिट का शिकार हुए। वह 12 गेंद में 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह मनदीप सिंह क्रीज पर आए। 11 ओवर के बाद पंजाब के 4 विकेट पर 105 रन हैं। दूसरे छोर पर निकोलस पूरन हैं। वह 25 गेंद में 65 रन बनाकर खेल रहे हैं।
निकोलस पूरन ने 17 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह आईपीएल 2020 का सबसे तेज अर्धशतक है। हालांकि, आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान केएल राहुल के नाम है। राहुल ने 2018 में दिल्ली के खिलाफ 14 गेद में अर्धशतक लगाया था। 9 ओवरों के बाद पंजाब का स्कोर 3 विकेट पर 91 रन है।
किंग्स इलेवन पंजाब की शुरुआत खराब रही। दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर मयंक अग्रवाल दुर्भाग्यशाली रहे। डेविड वार्नर के थ्रो पर खलील अहमद ने उन्हें रन आउट कर दिया। उनकी जगह सिमरन सिंह क्रीज पर आए। हालांकि, वह भी लंबी पारी नहीं खेल पाए। खलील अहमद ने पांचवां ओवर फेंका। इस ओवर की दूसरी गेंद पर प्रियम गर्ग ने सिमरन सिंह का कैच लपका। उनकी जगह निकोलस पूरन क्रीज पर आए हैं। मयंक ने 6 गेंद में 9 और सिमरन सिंह ने 8 गेंद में 11 रन बनाए।
19वें ओवर की पहली गेंद पर अर्शदीप सिंह ने प्रियम गर्ग को निकोलस पूरन के हाथों कैच कराया। प्रियम खाता भी नहीं खोल पाए। अर्शदीप का यह दूसरा विकेट है। रवि बिश्नोई 3 विकेट ले चुके हैं। हैदराबाद का पहला विकेट 16वें ओवर की पहली गेंद पर गिरा था। तब उसका स्कोर 160 रन था। उसने अगले 15 रन में 5 विकेट खो दिए। 19 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर 5 विकेट पर 187 रन था।
पिछली 7 गेंदों में मैच पूरी तरह बदल गया है। इस दौरान हैदराबाद ने सिर्फ 1 रन बनाया और 3 विकेट गंवाए। इनमें से 2 विकेट रवि बिश्नोई के खाते में गए, जबकि अर्शदीप ने मनीष पांडे को पवेलियन की राह दिखाई। रवि ने 16वें ओवर की पहली और चौथी गेंद पर क्रमशः डेविड वार्नर और जॉनी बेयरस्टो के विकेट लिए। बेयरस्टो आपईपीएल में अपना दूसरा शतक बनाने से चूक गए। वह 97 रनब बनाकर आउट हुए। उनकी जगह आए मनीष पांडे को अर्शदीप ने अपनी ही गेंद पर लपका।
हैदराबाद ने 12 ओवर में बिना विकेट खोए 130 रन बना लिए हैं। 13वां ओवर मोहम्मद शमी लेकर आए। इस ओवर की पहली गेंद पर बेयरस्टो ने चौका लगाने की कोशिश की, लेकिन शमी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। हालांकि, बेयरस्टो चौथी गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजने में सफल रहे। पांचवीं गेंद पर कोई रन नहीं बना। 13 ओवर खत्म होने के बाद हैदराबाद का स्कोर बिना विकेट खोए 138 रन बना लिए हैं। बेयरस्टो 44 गेंद में 81 और डेविड वार्नर 35 गेंद में 47 रन बनाकर खेल रहे हैं।
10 ओवरों के बाद खेल हो चुका है। जॉनी बेयरस्टो और डेविड वार्नर का तूफान जारी है। बेयरस्टो ने 10वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 28 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। इसके साथ ही हैदराबाद का भी शतक पूरा हो गया है।
6 ओवरों का खेल पूरा हो चुका है। हैदराबाद ने 5वें ओवर में अपने 50 रन पूरे किए। 5 ओवरों के बाद हैदराबाद का स्कोर बिना विकेट खोए 52 रन था। छठा ओवर मुजीब उर रहमान ने फेंका। उनके इस ओवर में 6 रन बने। आखिरी गेंद पर रन आउट की अपील भी हुई। हालांकि, थर्ड अंपायर ने उसे नकार दिया। 6 ओवरों के बाद हैदराबाद का स्कोर बिना विकेट खोए 58 रन है।
दूसरे ओवर में मुजीब उर रहमान ने 6 रन दिए। जॉनी बेयरस्टो ने उनकी दूसरी गेंद पर चौका लगाकर अपना खाता खोला। तीसरा ओवर मोहम्मद शमी लेकर आए। उनके इस ओवर में 7 रन बने। इस ओवर में भी वार्नर ने चौका लगाया। चौथा ओवर शेल्डन कॉटरेल ने फेंका। इस ओवर में जॉनी बेयरस्टो ने तीन चौके मारे।
किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से शेल्डन कॉटरेल पहला ओवर लेकर आए। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए डेविड वार्नर और जॉनी बेयरस्टो ने पारी की शुरुआत की। इस ओवर की आखिरी 2 गेंदों पर वार्नर ने 2 चौके लगाए।
किंग्स इलेवन पंजाब: केएल राहुल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, मनदीप सिंह, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), सिमरन सिंह, ग्लेन मैक्सवेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, मुजीब उर रहमान, मोहम्मद शमी, शेल्डन कॉटरेल।
सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), मनीष पांडे, केन विलियमसन, प्रियम गर्ग, अभिषेक शर्मा, अब्दुल समद, राशिद खान, संदीप शर्मा, टी नटराजन, खलील अहमद।