मुंबई इंडियंस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के दौरान फेसबुक पर ज्यादा चर्चा वाली टीम बनी। वहीं, इस दौरान रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के कप्तान विराट कोहली फेसबुक पर सबसे ज्यादा चर्चित हस्ती रही। यह जानकारी सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी की ओर से जारी बयान में दी गई है। फेसबुक के मुताबिक, आईपीएल 2020 सबसे ज्यादा चर्चा में रहा।

फेसबुक पर एक करोड़ से ज्यादा फैंस ने चर्चा की। इसमें दुनिया भर के उत्साही प्रशंसक शामिल थे। आईपीएल के बारे करने वाले फैंस में 74 प्रतिशत 18 से 34 आयु वर्ग के थे। बयान के मुताबिक, मुंबई इंडियंस सबसे ज्यादा चर्चा की टीमों की सूची में सबसे ऊपर है। उसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर और चेन्नई सुपरकिंग्स हैं। कोहली को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा की गई। उनके बाद चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा का नंबर आता है।

बयान में कहा गया है कि आईपीएल 2020 को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा करने वाला क्षेत्र उत्तर प्रदेश रहा। टूर्नामेंट के दौरान उत्तर प्रदेश में आईपीएल को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हुई। उसके बाद महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और बिहार का नंबर आता है। फेसबुक इंडिया के निदेशक और साझेदारी के प्रमुख मनीष चोपड़ा ने कहा, ‘क्रिकेट सभी सीमाओं से परे है और कुछ चीजों की तरह भारतीय जनमानस को एकमंच पर साथ लाता है।’

उन्होंने कहा, ‘आईपीएल वर्षों से एक खेल उत्सव के रूप में मनाया जाता रहा है। विशेष रूप से ऐसे समय (कोरोनावायरस के दौर में) में देश में क्रिकेट प्रशंसकों के लिए सबसे बड़ा सांस्कृतिक कार्यक्रम है। उन्होंने बताया, ‘जैसे-जैसे टूर्नामेंट बढ़ता गया, प्रशंसकों ने फेसबुक के ऐप्स (इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप) पर अपने पसंदीदा क्षणों, खिलाड़ियों और टीमों के बारे में टिप्पणी की, शेयर किया और विचार व्यक्त किए।’

बता दें कि मुंबई इंडियंस ने ही आईपीएल 2020 का खिताब जीता है। उसने खिताबी मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से हराया। मुंबई इंडियंस का यह आईपीएल का 5वां खिताब है। वह टूर्नामेंट की ट्रॉफी सबसे ज्यादा बार अपने नाम करने वाली टीम है। वहीं, विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर एक बार भी आईपीएल चैंपियन नहीं बन पाई है।