इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन के 29वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 20 रन से हरा दिया। टूर्नामेंट में महेंद्र सिंह धोनी की टीम की ये तीसरी जीत है। सीएसके ने हैदराबाद को 168 रन का लक्ष्य दिया था, लेकिन डेविड वॉर्नर की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 147 रन ही बना सकी। इस मैच के हीरो रहे रविंद्र जडेजा। उन्होंने बल्लेबाजी में 10 गेंद पर 25 रन बनाए और गेंदबाजी में जॉनी बेयरस्टो का अहम विकेट लिया।

हैदराबाद के लिए केन विलियनसन 39 गेंद पर 57 रन बनाकर आउट हुए। कर्ण शर्मा की गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने उनका कैच लिया। जॉनी बेयरस्टो 23 रन बनाकर रविंद्र जडेजा की गेंद पर बोल्ड हो गए। डेविड वॉर्नर 13 गेंद पर 9 रन बनाकर सैम करन की गेंद पर आउट हुए। मनीष पांडे (4) को ड्वेन ब्रावो ने रनआउट कर दिया। प्रियम गर्ग (16) को कर्ण शर्मा ने आउट किया। विजय शंकर (12) को ड्वेन ब्रावो ने आउट किया।

IPL 2020: महेंद्र सिंह धोनी के ‘डर’ से अंपायर ने नहीं दिया वाइड, डेविड वॉर्नर हुए हैरान; देखें VIDEO

इससे पहले चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन बनाए। रविंद्र जडेजा ने 10 गेंद पर तेजी से 25 रन बनाए। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 13 गेंद पर 21 रन बनाए। शेन वॉटसन 38 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुए। अंबाती रायुडू 34 गेंद पर 41 रन बनाकर आउट हुए। सैम करन 21 गेंद पर 31 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। डुप्लेसिस खाता नहीं खोल सके।

SRH vs CSK: पहली ही गेंद पर आउट हुए फाफ डुप्लेसिस, 6 साल बाद की इतनी शर्मनाक बल्लेबाजी

Live Blog

23:20 (IST)13 Oct 2020
चेन्नई ने रोमांचक मैच में हैदराबाद को हराया

चेन्नई सुपरकिंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 20 रन से हरा दिया। टूर्नामेंट में महेंद्र सिंह धोनी की टीम की ये तीसरी जीत है। सीएसके ने हैदराबाद को 168 रन का लक्ष्य दिया था, लेकिन डेविड वॉर्नर की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 147 रन ही बना सकी। इस मैच के हीरो रहे रविंद्र जडेजा। उन्होंने बल्लेबाजी में 10 गेंद पर 25 रन बनाए और गेंदबाजी में जॉनी बेयरस्टो का अहम विकेट लिया।

22:59 (IST)13 Oct 2020
विलियमसन से हैदराबाद को उम्मीदें

हैदराबाद की टीम ने 17 ओवर में 5 विकेट पर 122 रन बना लिए हैं। केन विलियमसन 37 गेंद पर 53 रन बनाकर खेल रहे हैं। हैदराबाद को जीत के लिए 18 गेंद पर 46 रन की जरुरत है। चेन्नई को अगर मैच जीतना है तो उसे विलियमसन का विकेट लेना होगा।

22:46 (IST)13 Oct 2020
हैदराबाद को 5 ओवर में जीत के लिए 67 रन चाहिए

सनराइजर्स हैदराबाद ने 15 ओवर में 4 विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 5 ओवर में 67 रन चाहिए। केन विलियमसन 32 गेंद पर 44 और विजय शंकर 1 गेंद पर 1 रन बनाकर खेल रहे हैं। प्रियम गर्ग 18 गेंद पर 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कर्ण शर्मा की गेंद पर रविंद्र जडेजा ने उनका कैच लिया।

22:34 (IST)13 Oct 2020
चेन्नई को चाहिए विलियमसन का विकेट

हैदराबाद की टीम ने 13 ओवर में 3 विकेट पर 82 रन बना लिए हैं। केन विलियमसन 35 और प्रियम गर्ग 8 रन बनाकर खेल रहे हैं। विलियमसन ने रविंद्र जडेजा के तीसरे ओवर में लगातार दो चौके मारकर अपनी मंशा जाहिर कर दी है। वे सीएसके के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। धोनी की टीम को विलियमसन का विकेट चाहिए।

22:23 (IST)13 Oct 2020
जडेजा ने बेयरस्टो को किया आउट

10वें ओवर में चेन्नई की टीम को तीसरी सफलता मिली। रविंद्र जडेजा ने जॉनी बेयरस्टो और केन विलियमसन की साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने बेयरस्टो को 23 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। बेयरस्टो अपनी पारी में दो ही चौके लगा सके।

22:18 (IST)13 Oct 2020
विलियमसन और बेयरस्टो ने हैदराबाद को संभाला

हैदराबाद की टीम ने 9 ओवर में 2 विकेट पर 57 रन बना लिए हैं। जॉनी बेयरस्टो 20 गेंद पर 22 और केन विलियमसन 18 गेंद पर 20 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 30 गेंद पर 30 रनों की साझेदारी कर ली है। दोनों ने टीम की पारी को संभाल लिया है और अब बड़ी साझेदारी करना चाहेंगे।

22:03 (IST)13 Oct 2020
पावरप्ले में हैदराबाद ने बनाए 40 रन

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने पावरप्ले यानी 6 ओवर में 2 विकेट पर 40 रन बनाए। केन विलियमसन 10 गेंद पर 12 और जॉनी बेयरस्टो 10 गेंद पर 13 रन बनाकर खेल रहे हैं। टीम के दो बल्लेबाज आउट हो चुके हैं। विलियमसन और बेयरस्टो को टिककर बल्लेबाजी करनी होगी।

21:54 (IST)13 Oct 2020
सनराइजर्स को लगा दोहरा झटका

सनराइजर्स हैदराबाद को चौथे ओवर में दोहरा झटका लगा। पहले कप्तान डेविड वॉर्नर आउट हुए। उनके बाद मनीष पांडे भी पवेलियन लौट गए। हैदराबाद को पहला झटका कप्तान डेविड वॉर्नर के रूप में लगा। वे 13 गेंद पर 9 रन बनाकर सैम करन की गेंद पर आउट हुए। मनीष पांडे (4) को ड्वेन ब्रावो ने रनआउट कर दिया।

21:40 (IST)13 Oct 2020
वॉर्नर और बेयरस्टो ने की सधी शुरुआत

हैदराबाद के ओपनर कप्तान डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरस्टो ने सधी शुरुआत की है। दोनों ने 2 ओवर में बिना किसी नुकसान के 14 रन बना लिए। वॉर्नर 3 और बेयरस्टो 6 रन बनाकर खेल रहे हैं। चेन्नई के गेंदबाजों पर दबाव होगा। इन दोनों बल्लेबाजों को आउट करना आसान नहीं है।

21:18 (IST)13 Oct 2020
चेन्नई ने हैदराबाद को दिया मुश्किल लक्ष्य

चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद को 168 रनों का लक्ष्य दिया। उसने 20 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन बनाए। टीम के लिए आखिरी ओवरों में रविंद्र जडेजा ने 10 गेंद पर तेजी से 25 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने दो चौके और एक छक्के की मदद से 13 गेंद पर 21 रन बनाए। ड्वेन ब्रावो खाता नहीं खोल सके। दीपक चाहर 2 रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद के लिए संदीप शर्मा, टी नटराजन और खलील अहमद ने दो-दो विकेट लिए।

20:52 (IST)13 Oct 2020
चेन्नई को लगा दोहरा झटका

शेन वॉटसन 38 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुए। नटराजन की गेंद पर मनीष पांडे ने उनका कैच लिया। वॉटसन ने अपनी पारी में एक चौका और 3 छक्के लगाए। अंबाती रायुडू 34 गेंद पर 41 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। रायुडू ने वॉटसन के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। महेंद्र सिंह धोनी और रविंद्र जडेजा क्रीज पर हैं।

20:35 (IST)13 Oct 2020
वॉटसन और रायुडू ने की अर्धशतकीय साझेदारी

शेन वॉटसन और अंबाती रायुडू ने चेन्नई की पारी को संभाल लिया है। दोनों बल्लेबाजों ने 13 ओवर में टीम का स्कोर 2 विकेट पर 92 रन पहुंचा दिया है। रायुडू 24 गेंद पर 27 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया है। दूसरी ओर, वॉटसन ने 32 गेंद पर 32 रन बनाए हैं।

20:16 (IST)13 Oct 2020
वॉटसन और रायुडू को करनी होगी तेज बल्लेबाजी

चेन्नई सुपरकिंग्स ने 9 ओवर में 2 विकेट पर 64 रन बना लिए हैं। शेन वॉटसन 19 गेंद पर 17 और अंबाती रायुडू 13 गेंद पर 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। वॉटसन ने एक चौका और एक छक्का लगाया है। रायुडू ने दो चौके जड़े हैं। दोनों बल्लेबाजों ने 26 गेंद पर 29 रन की साझेदारी कर ली है। अब आने वाले ओवरों में इन दोनों को तेजी से बल्लेबाजी करनी होगी।

20:04 (IST)13 Oct 2020
पावरप्ले में चेन्नई का स्कोर 2 विकेट पर 44 रन

चेन्नई की टीम की पारी का पावरप्ले समाप्त हो चुका है। टीम ने 6 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 44 रन बना लिए हैं। शेन वॉटसन 10 गेंद पर 3 और अंबाती रायुडू 5 गेंद पर 8 रन बनाकर नाबाद हैं। सैम करन 21 गेंद पर 31 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। संदीप शर्मा ने उन्हें बोल्ड किया। करन ने 21 गेंद पर 3 चौके और दो छक्के की मदद से 31 रन बनाए। 

19:48 (IST)13 Oct 2020
शून्य पर आउट हुए फाफ डुप्लेसिस

फाफ डुप्लेसिस खाता खोले बगैर आउट हो गए। संदीप शर्मा की गेंद पर जॉनी बेयरस्टो ने उनका कैच लिया। डुप्लेसिस 2014 के बाद आईपीएल में शून्य पर आउट हुए हैं। सैम करन और शेन वॉटसन क्रीज पर टिके हुए हैं। करन ने अब तक तीन चौके लगा दिए हैं। वे धीमी शुरुआत के बाद अब तेजी से बल्लेबाजी कर रहे हैं।

19:34 (IST)13 Oct 2020
वॉटसन की जगह सैम करन उतरे

चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने हैरानी भरा फैसला किया। उन्होंने ओपनिंग करने के लिए शेन वॉटसन की जगह सैम करन को भेजा। करन ने अब तक कभी ओपनिंग नहीं किया था। उनके साथ फाफ डुप्लेसिस क्रीज पर हैं।

19:10 (IST)13 Oct 2020
चेन्नई सुपरकिंग्स की प्लेइंग इलेवन

शेन वॉटसन, फाफ डुप्लेसिस, अंबाती रायुडू, सैम करन, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान, विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, पीयूष चावला, दीपक चाहर, कर्ण शर्मा, शार्दुल ठाकुर।

19:09 (IST)13 Oct 2020
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन

डेविड वॉर्नर (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), मनीष पांडे, केन विलियमसन, प्रियम गर्ग, विजय शंकर, शाहबाज नदीम, राशिद खान, संदीप शर्मा, टी नटराजन, खलील अहमद।

19:06 (IST)13 Oct 2020
दोनों टीमों में एक-एक बदलाव

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन की बात करें तो चेन्नई सुपरकिंग्स ने एक बदलाव किया। महेंद्र सिंह धोनी ने टीम से एन जगदीशन को बाहर कर लेग स्पिनर पीयूष चावला को शामिल किया। सनराइजर्स हैदराबाद ने भी एक बदलाव किया। अभिषेक शर्मा की जगह स्पिनर शाहबाज नदीम को टीम में शामिल किया।