IPL 2019: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 12वां सीजन शुरू हो चुका है। भारतीय पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स टीम के मेंटर के रूप में काम कर रहे हैं। गांगुली के दिल्ली के साथ जुड़ने के बाद टीम काफी बदली-बदली नज़र आ रही है। टीम ने 2013 के बाद पहली बार आईपीएल का पहला मैच जीता है। दादा केवल सलाहकार तक सीमित नहीं है, वे खिलाड़ियों के साथ मैदान में भी उतर रहे हैं और उन्हें अभ्यास करा रहे हैं। दिल्ली कैपिट्लस के अभ्यास सत्र के दौरान दादा बल्ला थाम खिलाड़ियों को अभ्यास कराते नज़र आए। दिल्ली कैपिटल्स ने इसका वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है।

दिल्ली ने वीडियो शेयर कर लिखा ” गांगुली ने समय को पीछे मोड़ने का फैसला किया है। इसे रीट्वीट करो अगर आपके अंदर का 90 के दशक का बच्चा अभी भी उन ड्राइव और कट्स को देखकर खुश होता है।” इस वीडियो में गांगुली बल्ला थामकर दिल्ली के खिलाड़ियोंं को प्रैक्टिस कराते दिख रहे हैं। ऑफ साइड के भगवान कहे जाने वाले गांगुली ने कुछ कट और कवर ड्राइव शॉट्स जमाए। इस वीडियो में उनके साथ दिल्ली के सहायक कोच मोहम्मद कैफ भी दिखाई दे रहे हैं।

इस सीजन में दिल्ली ने अभी तक 2 मैच खेले हैं। जिनमें एक में उन्हें जीत तो एक में हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली ने आईपीएल 2019 की शुरुआत मुंबई इंडियंस के खिलाफ की। पहले मैच में दिल्ली ने मुंबई को 37 रनों से हराया। वहीँ दूसरे मैच में उन्हें चेन्नई सुपरकिंग्स के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली का अगला मुकाबला शनिवार को फिरोजशाह कोटला मैदान पर कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ होगा।