इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के फैन्स पूरी दुनिया में फैले हैं। केवल क्रिकेट ही नहीं बल्कि इसके अलावा दूसरे खेल के खिलाड़ी भी धोनी के प्रशंसक हैं। भारतीय बैडमिंटन स्टार किदांबी श्रीकांत का नाम भी ऐसे खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हैं। हैदराबाद के श्रीकांत सीएसके और धोनी के बहुत बड़े फैन हैं। दुनिया के चौथे नंबर के बैडमिंटन खिलाड़ी श्रीकांत किदांबी को हाल ही में धोनी की ओर से बेहद ही खास गिफ्ट मिला है। दरअसल, धोनी ने किदांबी को एक बैट गिफ्ट किया है और उस पर खुद की साइन भी की है।
श्रीकांत ने ट्विटर पर इस बैट की फोटो पोस्ट करते हुए इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘इस शानदार गिफ्ट के लिए धन्यवाद महेंद्र सिंह धोनी और मैं बता नहीं सकता कि कितना खुश हूं। आपके गिफ्ट ने मेरा दिन बना दिया।’ इसके अलावा उन्होंने बैट की फोटो भी पोस्ट की है, जिस पर ‘लव, लक और बहुत सारी शुभकामनाएं श्रीकांत के लिए’ लिखा है।
Thank you @msdhoni for the wonderful gift and can’t tell how happy I am. This just made my day. #MSDhoni #fanmoment pic.twitter.com/0wJhiOsaFW
— Kidambi Srikanth (@srikidambi) May 20, 2018
टीओआई के मुताबिक चयन समिति के चेयरमैन एमएसके प्रसाद ने धोनी का साइन किया हुआ बल्ला हैदराबाद में किदांबी श्रीकांत को दिया है। प्रसाद का कहना है कि किदांबी सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बहुत बड़े फैन हैं। उन्होंने कहा, ‘एक बार किदांबी ने मुझसे कहा कि वह धोनी से गिफ्ट पाना चाहते हैं। तब मैंने कहा कि अगर वह बैडमिंटन में शीर्ष स्थान पर पहुंचते हैं तो उन्हें गिफ्ट मिल जाएगा। इसी दौरान मैंने धोनी से किदांबी की इच्छा के बारे में बात की। धोनी खुद इस बात से बेहद खुश हुए और कहा कि वह खुद बैडमिंटन खेलते हैं और भारतीय बैडमिंटन को फॉलो भी करते हैं। धोनी ने खुद यह बैट किदांबी के लिए भेजा। मैंने धोनी का बल्ला श्रीकांत को देकर उसे सरप्राइज दिया। अप्रैल में किदांबी नंबर वन बैडमिंटन खिलाड़ी बने थे और उन्होंने अपनी बात रखी थी, इसलिए मैंने धोनी का बल्ला उन्हें दिया।’
चेन्नई का समर्थन करने के कारण किदांबी हुए थे ट्रोल
बता दें कि श्रीकांत किदांबी हैदराबाद के रहने वाले हैं। हाल ही में उन्होंने चेन्नई की टीम का समर्थन किया था, जिसके कारण सनराइजर्स हैदराबाद के प्रशंसकों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया था। दरअसल, चेन्नई की तरफ से श्रीकांत को सीएसके की येलो जर्सी भेंट की गई थी, इस जर्सी में नंबर सात लिखा था, चेन्नई की तरफ से धोनी सात नंबर की जर्सी पहनकर मैदान में उतरते हैं।