चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस आईपीएल में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से सभी दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। वहीं मैदान के बाहर धोनी बेहद शांत और सौम्य नजर आते हैं। यही वजह है कि दर्शकों के साथ-साथ धोनी अपने जूनियर क्रिकेटरों के बीच भी काफी लोकप्रिय हैं। धोनी कई बार अपने जूनियर क्रिकेटरों के साथ अपने अनुभव साझा करते और उनका हौंसला बढ़ाते नजर आए हैं। शनिवार को एक बार फिर ऐसा ही कुछ नजारा देखने को मिला, जब धोनी मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर और उभरते हुए बल्लेबाज ईशान किशन को विकेटकीपिंग के गुर सिखाते नजर आए। दोनों की यह तस्वीर मुंबई इंडियंस ने अपने ऑफिशियल अकाउंट से इंस्टाग्राम पर शेयर की है।
बता दें कि कल के मैच में मुंबई इंडियंस की टीम ने चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम को धूल चटा दी। मैच के बाद ईशान किशन धोनी के पास गए और उनसे कुछ विकेटकीपिंग के टिप्स मांगे। आदतन धोनी भी तुरंत तैयार हो गए और अपने खजाने में से कुछ अनुभव ईशान के साथ साझा किए। इस दौरान ईशान किशन भी बड़े ध्यान से धोनी की बात सुनते नजर आए। मैच के दौरान एक पल ऐसा भी आया, जब ईशान, धोनी को स्टंप आउट करने से चूक गए। हालांकि इसके कुछ देर बाद ही धोनी आउट हो गए और मुंबई इंडियंस की टीम ने राहत की सांस ली। बता दें कि ईशान किशन भी झारखंड से ही प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलते हैं, जहां से धोनी भी आते हैं। यही वजह है कि किशन की तुलना कई बार धोनी के साथ की जाती है।
मैच की बात करें तो कल खेले गए मैच में चेन्नई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रनों का स्कोर खड़ा किया। चेन्नई की तरफ से अंबाती रायडू और सुरेश रैना का बल्ला चला। रायडू ने जहां 46 तो वहीं रैना ने नाबाद 75 रनों का योगदान दिया। धोनी इस मैच में सिर्फ 26 रन बनाकर आउट हो गए। इसके जवाब में खेलने उतरी मुंबई ने रोहित शर्मा के अर्धशतक की बदौलत चेन्नई को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। मुंबई की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने 44 और एविन लुईस ने 47 रन बनाए।