भारतीय टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा (Sania Mirza) मां बनने के बाद कोर्ट पर वापसी के लिए तैयार हैं। वे फेड कप (Fed Cup) में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन ने मंगलवार रात इसका ऐलान किया। फेडरेशन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 3 फरवरी 2020 से शुरू होने वाले फेड कप एशिया/ओसियाना ग्रुप 1 के लिए भारतीय टीम की ओर से सानिया मिर्जा भी खेलेंगी। सानिया के अलावा भारतीय टीम में देश की शीर्ष सिंगल्स खिलाड़ी अंकिता रैना (Ankita Raina) भी हैं।
इसके अलावा रिया भाटिया, रुतुजा भोसल, करमन कौर थांडी भी हैं। रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर सौजन्या बाविसेट्टी का नाम है। पूर्व डेविस कप (Davis Cup) खिलाड़ी विशाल उप्पल (Vishal Uppal) को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि पूर्व फेड कप खिलाड़ी अंकिता भांबरी कोच की जिम्मेदारी उठाएंगी।
सानिया ने अक्टूबर 2017 से टेनिस कोर्ट से दूर हैं। वे ऑस्ट्रेलिया के तस्मानिया प्रांत में 11 से 18 जनवरी तक होने वाले होबार्ट इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट से कोर्ट पर वापसी करेंगी। सानिया इस टूर्नामेंट में यूक्रेन की नादिया किचेनोक के साथ जोड़ी बनाकर कोर्ट पर उतरेंगी। फेड कप में सानिया 4 साल बाद हिस्सा लेंगी। उन्होंने आखिरी बार 2016 में फेड कप में भारत की ओर से हिस्सा लिया था।
https://www.youtube.com/watch?v=F788P-6mPII&t=1s
सानिया ने अपने करियर में 6 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। इसमें तीन मिक्स्ड डबल्स और तीन वुमन्स डबल्स खिताब हैं। वे दुनिया की नंबर एक वुमन्स डबल्स खिलाड़ी भी रह चुकी हैं। दो साल से मैटरनिटी लीव पर चल रही सानिया की नजर अगले साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल करने पर है।
भारतीय टेनिस स्टार ने 12 अप्रैल 2010 को पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से निकाह किया था। उन्होंने पिछले साल अक्टूबर में बेटे इजहान को जन्म दिया। हाल ही में वे मुंबई में एक टेनिस कोर्ट के उद्घाटन के मौके पर मौजूद थीं। तब उन्होंने कहा था कि वे ओलंपिक कोटा हासिल करने की कोशिश करेंगी। वे साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन (Australian Open) के मिक्स्ड डबल्स में राजीव राम के साथ जोड़ी बनाएंगी।