हीरो हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल में उम्दा प्रदर्शन के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम एफआइएच रैंकिंग में दो पायदान उपर चढ़ कर छठे स्थान पर काबिज हो गई है। रैंकिंग में भारतीय टीम ने बेल्जियम और न्यूजीलैंड को पछाड़ा। बेल्जियम तीन पायदान खिसककर सातवें और न्यूजीलैंड सातवें से आठवें स्थान पर खिसक गया है। इंग्लैंड चौथे और अर्जेंटीना पांचवें स्थान पर है। हॉकी इंडिया ने बयान जारी कर यह जानकारी दी है।

ऑस्ट्रेलिया पहले, नीदरलैंड दूसरे और जर्मनी तीसरे स्थान पर है। महिला रैंकिंग में भारत 13वें स्थान पर है जबकि ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीदरलैंड टॉप पर है। ऑस्ट्रेलिया दूसरे और अर्जेंटीना तीसरे स्थान पर है।

उधर, हॉकी इंडिया ने शनिवार को रोजर वान जेंट को अगले महीने होने वाले हॉकी विश्व लीग फाइनल्स और अगले साल के रियो ओलंपिक के लिए पुरुष हॉकी टीम का रणनीति कोच नियुक्त किया है। रोजर भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोचिंग स्टाफ से जुड़ेंगे और हाई परफॉर्मेंस निदेशक व मुख्य कोच रोलेंट ओल्टमेंस की मदद करेंगे।

नीदरलैंड के रहने वाले वान जेंट ने अपना कोचिंग करिअर 2000 में एफआइएच हाई परफार्मेंस कोचिंग पात्रता हासिल करने के बाद शुरू किया था। उसके बाद से वे नीदरलैंड की विभिन्न घरेलू टीमों के साथ जुड़े रहे हैं। भारतीय टीम फिलहाल बंगलुरु के साइ केंद्र पर अभ्यास कर रही है। उसे 19 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टैस्ट सीरीज खेलनी है। इसके बाद 27 नवंबर से हीरो हॉकी विश्व लीग फाइनल रायपुर में खेला जाएगा।