Hockey World Cup 2023: ओड़िशा में मेंस हॉकी वर्ल्ड कप (Men’s Hockey World Cup) में टीम इंडिया (Team India) का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। टीम क्वार्टर फाइनल के लिये क्वालिफाई नहीं कर पाई। अब भारतीय हॉकी में धड़ाधड़ इस्तीफे देखने को मिले हैं। मुख्य कोच ग्राहम रीड (Grahame Reid) के अलावा विश्लेषण कोच ग्रेग क्लार्क (Gregg Clark) और वैज्ञानिक सलाहकार (Scientific Advisor) मिशेल डेविड पेम्बरटन (Mitchell David Pemberton) ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हॉकी इंडिया ने इसे स्वीकार कर लिया।
ग्राहम रीड (Grahame Reid) के कोच रहते टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम ओडिशा में हुये विश्व कप में क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सकी और नौवें स्थान पर रही। हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान के अनुसार रीड ने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की (Dilip Tirkey) को विश्व कप खत्म होने के एक दिन बाद इस्तीफा सौंपा। टिर्की और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने टीम के प्रदर्शन पर चर्चा के लिये रीड और अन्य सहयोगी स्टाफ से मुलाकात की थी।
तीनों अगले महीने नोटिस पीरियड में रहेंगे
ग्राहम रीड (Grahame Reid) के अलावा क्लार्क और डेविड ने भी सोमवार को सुबह इस्तीफे दे दिया। तीनों अगले महीने नोटिस पीरियड में रहेंगे। ग्राहम रीड (Grahame Reid) ने कहा ,‘‘ अब मेरे लिये अलग होने और नये प्रबंधन को कमान सौंपने का समय है। इस टीम और हॉकी इंडिया के साथ काम करने में बहुत मजा आया। इस शानदार सफर के हर पल का मैने आनंद लिया। टीम को भविष्य के लिये शुभकामनायें।’’
भारत ने 41 साल बाद ओलंपिक कांस्य पदक जीता
ग्राहम रीड (Grahame Reid) और उनकी टीम के साथ भारत ने 41 साल बाद ओलंपिक कांस्य पदक जीता था । इसके अलावा टीम ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत और एफआईएच प्रो लीग 2021-22 सत्र में तीसरा स्थान हासिल किया। ग्राहम रीड (Grahame Reid) के कोच रहते भारतीय टीम ने 2019 में एफआईएच विश्व सीरिज फाइनल्स जीता था। इसके बाद भुवनेश्वर में ओलंपिक क्वालीफायर जीतकर तोक्यो खेलों के लिये क्वालीफाई किया।
दिलीप टिर्की का बयान
ग्राहम रीड (Grahame Reid) समेत तीनों के इस्तीफे स्वीकार करते हुये हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की (Dilip Tirkey) ने कहा ,‘‘ ग्राहम रीड (Grahame Reid) और उनकी टीम का भारत सदैव ऋणी रहेगा, जिन्होंने हमें अच्छे नतीजे दिये। खासकर ओलंपिक खेल में। हर यात्रा में नये पड़ाव आते हैं और अब हमें भी टीम के लिये नयी सोच के साथ आगे बढना होगा ।’’