भारतीय क्रिकेट और बॉलीवुड के दीवाने हैं। देश में क्रिकेटरों और कलाकारों की बहुत ज्यादा फैन फॉलोइंग है। हालांकि, शायद ही लोगों को पता हो कि उनके पसंदीदा क्रिकेटरों के टिकटॉक पर भी लाखों फैंस हैं। इनमें युजवेंद्र चहल से लेकर मोहम्मद शमी तक शामिल हैं। ये सभी अपने वीडियो से खुद को ऑलराउंडर साबित करने में सफल रहे हैं। आइए उन पांच क्रिकेटरों के बारे में जानें जो टिकटॉक पर भी सुपर स्टार हैं।
भारतीय क्रिकेटरों के टिकटॉक पर फैन फॉलोइंग के मामले में चहल नंबर वन पर हैं। चहल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वे जितने लोकप्रिय गेंदबाजी को लेकर हैं, उतने ही टिकटॉक स्टार के रूप में हैं। चहल की टिकटॉक आईडी (TikTok ID) @yuzvendrachahal है। उनके टिकटॉक पर 49 लाख से ज्यादा फॉलोवर हैं। चहल भी 76 लोगों को फॉलो करते हैं। वे अब तक 49 वीडियो बना चुके हैं। उनके इन वीडियो करीब 4 करोड़ लोगों ने लाइक किया है। उनके हर वीडियो को औसतन 50 लाख से ज्यादा लोग देखते हैं।
टिकटॉक (क्रिकेटर) पर फैन फॉलोइंग के मामले में दूसरे नंबर पर टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का नंबर आता है। इरफान पठान की टिकटॉक आईडी (TikTok ID) @irfanpathan_official है। उनके 29 लाख से ज्यादा फॉलोवर हैं। हालांकि, वे सिर्फ 4 लोगों को फॉलो करते हैं। वे अब तक 184 वीडियो बना चुके हैं। उनके इन वीडियो 3.16 करोड़ से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है। उनका हर वीडियो औसतन पांच लाख लोगों द्वारा देखा जाता है।
तीसरे नंबर पर पूर्व भारतीय ओपनर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का नंबर आता है। आकाश चोपड़ा की टिकटॉक आईडी (TikTok ID) @aakashchopra है। उनके टिकटॉक पर 22 लाख से ज्यादा फॉलोवर हैं। वे सिर्फ 12 लोगों को फॉलो करते हैं। उनके वीडियो को अब तक 3.3 करोड़ लोग लाइक कर चुके हैं। उनके हर वीडियो को औसतन 3 लाख से ज्यादा लोग देखते हैं।
वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले दूसरे भारतीय मोहम्मद शमी टिकटॉक पर भी अपने वीडियो से लोगों को ‘क्लीन बोल्ड’ करते रहते हैं। लॉकडाउन ने उनकी इस प्रतिभा को और निखारा है। टिकटॉक पर उनके 16 लाख फॉलोवर हैं। हालांकि, चहल की तरह वे सिर्फ 76 लोगों को ही फॉलो करते हैं। उनके वीडियो को अब तक करीब 1.2 करोड़ लोग लाइक कर चुके हैं। उनके हर वीडियो को औसतन 1.5 लाख से ज्यादा लोग देखते हैं।
इस सूची में पांचवें नंबर पर मनोज तिवारी का नाम आता है। मनोज तिवारी रमजान की शुभकामनाएं देने के कारण हाल ही में ट्रोलर्स का निशाना भी बन चुके हैं। मनोज तिवारी के टिकटॉक पर करीब 1.2 लाख फॉलोवर हैं। वे सिर्फ 5 लोगों को फॉलो करते हैं। उन्होंने अब तक 30 वीडियो ही बनाए हैं। हालांकि, इन वीडियो को 10 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।