चोटों से परेशान भारतीय तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने शुक्रवार 10 जनवरी 2025 को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान किया। ऐसा उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में अपने आखिरी मैच के बाद किया। विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में उनकी टीम झारखंड का विजय अभियान 5 जनवरी 2025 को समाप्त हो गया था।

बिहार (अब झारखंड) के सिंहभूम में 29 अक्टूबर 1989 को जन्में वरुण आरोन ने 2011 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने भारत के लिए 9 टेस्ट और इतने ही वनडे इंटरनेशनल खेले। उन्होंने पिछले साल रेड फॉर्मेट से संन्यास लिया था। वरुण आरोन पहली बार तब सुर्खियों में आये जब 2010-11 रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 153.4 किलोमीटर (95.3 मील प्रति घंटा) की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।

Instagram पर लिखी इमोशनल पोस्ट

वरुण आरोन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘पिछले 20 साल से मैं तेज गेंदबाजी को समर्पित रहा हूं। आज पूरी कृतज्ञता के साथ मैं आधिकारिक तौर पर क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। इतने साल में मैंने करियर के लिए खतरा बनी अनेक चोटों से उबरने में शारीरिक और मानसिक तौर पर काफी मेहनत की, बार-बार वापसी की और इसके लिये मैं अपने फिजियो, ट्रेनर और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के कोचेस को धन्यवाद देता हूं। अब मैं अपने जीवन की छोटी-छोटी खुशियों का लुत्फ उठाना चाहूंगा, लेकिन खेल से भी जुड़ा रहूंगा जिसने मुझे सब कुछ दिया है। तेज गेंदबाजी मेरा पहला प्यार रहा है। यह हमेशा मेरे जीवन का अहम हिस्सा रहेगी।’

वरुण आरोन MRF पेस फाउंडेशन का हिस्सा थे। जब वह 15 साल के थे तब एक टैलेंट स्काउट ने उनकी प्रतिभा को पहचाना था। वरुण आरोन ने 2008-09 में रणजी ट्रॉफी में अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू किया। उन्हें 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए पहली बार भारत की वनडे टीम में शामिल किया गया। उसी साल नवंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज से उन्होंने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की।

नवंबर 2015 में आखिरी बार देश के लिए खेला

वरुण आरोन ने भारत के लिए आखिरी बार 14 से 18 नवंबर 2015 के बीच बेंगलुरु में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था। बारिश के कारण उस टेस्ट मैच में 4 दिन का खेल नहीं हो पाया था। वरुण आरोन को 9 ओवर गेंदबाजी करने का मौका मिला था, जिसमें उन्होंने 51 रन देकर 1 विकेट लिया था। वरुण आरोन ने नौ टेस्ट मैच में 4.77 की इकॉनमी से 18 विकेट लिए थे। उन्होंने 9 वनडे में 6.61 की इकॉनमी से 11 विकेट लिए थे।

वरुण आरोन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेला।