भारत के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी पर निशाना साधा है। पाकिस्तानी क्रिकेटर ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के लिए भारतीय सेना को जिम्मेदार ठहराया था। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। सोशल मीडिया पर कड़े शब्दों में लिखे गए पोस्ट में शिखर धवन ने शाहिद अफरीदी से पाकिस्तान के हालात पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने भारतीय सेना का समर्थन करते हुए कहा कि देश में हर किसी को सेना पर गर्व है।

धवन की यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान के एक टेलीविजन चैनल पर अफरीदी द्वारा की गई अजीबोगरीब टिप्पणियों के एक दिन बाद आई। अफरीदी ने आरोप लगाया था कि सुरक्षा चूक के कारण आतंकवादी हमला हुआ। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर ने घटना की कवरेज के लिए मीडिया की भी आलोचना की और भारत से आतंकवादी हमले में पाकिस्तान की संलिप्तता के सबूत देने को कहा। अफरीदी ने बगैर नाम लिए भारतीय खिलाड़ियों पर भी निशाना साधा था।

शिखर धवन ने क्या कहा?

शिखर धवन ने एक्स पर कहा,” कारगिल में भी हारया था, पहले से ही इतना गिरे हो और कितना गिरोगे, बेवजह कमेंट पास करने से अच्छा है अपने देश की तरक्की में दिमाग लगाओ शाहिद अफरीदी। हमें हमारी भारतीय सेना पर बहुत गर्व है। भारत माता की जय! जय हिंद!”

शाहिद अफरीदी पर निशाना साधते हुए शिखर धवन का ट्वीट।

अफरीदी का विवादित बयान

यह पहला मौका नहीं था जब शाहिद अफरीदी ने भारत के खिलाफ जहर उगला। अफरीदी ने विवादित बयान देते हुए कहा कि भारत हमेशा पाकिस्तान को दोष देता है और पहलगाम हमला भी इससे अलग नहीं है। उन्होंने कहा था, “पटाखा फट जाता है वहां पर, पाकिस्तान ने किया। तुम लोगों की 8 लाख की फौज है कश्मीर में और ये हो गया। इसका मतलब नलायक हो, निकम्मे हो न तुम लोग कि सिक्योरिटी दे नहीं सके लोगों को।” पूरी खबर पढ़ें