IND vs WI 2nd ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 मैच की सीरीज का दूसरा वनडे रविवार को त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन स्थित क्वींस पार्क ओवल में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा। इस मैदान पर भारतीय टीम ने अब तक 19 वनडे खेले हैं। इनमें से उसने 9 जीते हैं। नौ में उसे हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच बेनतीजा रहा था। भारतीय टीम ने इस मैदान पर मीठे-कड़वे दोनों तरह के स्वाद चखे हैं।
टीम इंडिया के नाम इस मैदान पर विदेश में वनडे में अपना हाइएस्ट स्कोर बनाने का रिकॉर्ड है। उसे इसी स्टेडियम पर बांग्लादेश के खिलाफ शर्मनाक हार भी झेलनी पड़ी है। 17 मार्च 2007 को वर्ल्ड कप के मुकाबले में टीम इंडिया इस मैदान पर बांग्लादेश के हाथों 5 विकेट से हार गई थी। बांग्लादेश के खिलाफ न्यूट्रल ग्राउंड पर टीम इंडिया की यह पहली हार थी। इसी हार के कारण भारतीय टीम उस वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई थी।
हालांकि, अपने अगले ही मैच में भारतीय टीम ने विदेश में अपना हाइएस्ट स्कोर खड़ा कर दिया था। टीम इंडिया का वह मुकाबला बरमूडा के खिलाफ था। बरमूडा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 413 रन बनाए थे। टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही थी। उसका पहला विकेट 3 रन पर ही गिर गया था। लेकिन इसके बाद सौरव गांगुली ने वीरेंद्र सहवाग के साथ मिलकर पारी को संभाल लिया। गांगुली ने सहवाग के साथ पहले विकेट के लिए 202 रन की साझेदारी की थी। उन्होंने 114 गेंद पर 89 रन बनाए।
सहवाग ने 87 गेंद पर 114, युवराज सिंह ने 46 गेंद पर 83 और सचिन तेंदुलकर ने 29 गेंद पर 57 रन की पारी खेली थी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बरमूडा की टीम 43.1 ओवर में 156 रन पर ही ऑलआउट हो गई थी। अजीत अगरकर और अनिल कुंबले ने 3-3 विकेट लिए थे। दोनों ने 38-38 रन ही दिए थे। सचिन तेंदुलकर ने भी 1 रन देकर एक विकेट लिया था। जहीर खान ने 32 रन देकर 2 विकेट लिए थे। सहवाग मैन ऑफ द मैच चुने गए थे।
[bc_video video_id=”6069022742001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
भारतीय टीम इस मैदान पर पिछले 12 साल से नहीं हारी है। उसे इस मैदान पर आखिरी हार 23 मार्च 2007 को श्रीलंका के हाथों मिली थी। तब श्रीलंका ने भारत को 69 रन से हराया था। उसके बाद से टीम इंडिया ने इस मैदान पर 7 वनडे खेले और 6 में जीत हासिल की। एक मैच बेनतीजा रहा था।