India vs West Indies 2nd ODI: भारत ने तीन मैच की सीरीज के दूसरे टी20 मैच में वेस्टइंडीज को 8 रन से हराया। इसके साथ ही उसने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की। वेस्टइंडीज के कप्तान कीरोन पोलार्ड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।

कोलकाता के ईडन गॉर्डंस में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 186 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 3 विकेट पर 178 रन ही बना पाई।

रोमांचक रहा दूसरा टी20 मैच

वेस्टइंडीज को आखिरी 3 ओवर में जीत के लिए 37 रन चाहिए थे और 8 विकेट गिरना शेष थे। हर्षल पटेल ने 18वें ओवर में 8 रन दिए। भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में सिर्फ 4 रन दिए और निकोलस पूरन को पवेलियन की राह भी दिखाई। आखिरी ओवर हर्षल पटेल फेंकने आए।

उनकी तीसरी और चौथी गेंद पर छक्के जड़कर रोवमैन पॉवेल ने मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंचा दिया, लेकिन हर्षल ने अगली गेंद स्लोअर डाली। उस गेंद पर वह एक रन ही बना पाए। आखिरी गेंद पर पोलार्ड भी एक रन ही ले पाए।

रोवमैन पॉवेल 36 गेंद में 68 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और 5 छक्के लगाए। पूरन 41 गेंद में 62 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट लिए।

ऋषभ पंत और वेंकटेश अय्यर ने 35 गेंद में ठोके 76 रन

इससे पहले भारत की ओर से विराट कोहली और ऋषभ पंत ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। ऋषभ प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। पंत ने वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 35 गेंद में 76 रन की साझेदारी की। वेंकटेश अय्यर 18 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हुए उन्होंने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और एक छक्का लगाया।

ऋषभ पंत 28 गेंद में 52 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और एक छक्का लगाया। वेस्टइंडीज की ओर से रोस्टन चेज सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए। रोमारियो शेफर्ड और शेल्डन कॉटरेल भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।

इस मैच में वेस्टइंडीज की टीम एक बदलाव के साथ उतरी है। वेस्टइंडीज ने फैबियन एलन की जगह जेसन होल्डर को अंतिम एकादश में रखा है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। भारत ने पहले टी20 में मेहमानों को 6 विकेट से मात दी थी।

Match Ended

West Indies in India, 3 T20I Series, 2022

India 
186/5 (20.0)

vs

West Indies  
178/3 (20.0)

Match Ended ( Day – 2nd T20I )
India beat West Indies by 8 runs

Live Updates

India vs West Indies 2nd T20: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 में भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। पहले टी20 में इशान किशन ने काफी धीमी बल्लेबाजी की थी, दूसरे टी30 में भी वह 2 रन ही बना पाए।।

23:12 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: दबाव के बावजूद हर्षल ने भारत को दिलाई जीत

अंतिम ओवर में दबाव में होने के बावजूद हर्षल पटेल ने संयम रखा और भारत को मुश्किल स्थिति में जीत दिलाई। हर्षल ने गीली गेंद के साथ गेंदबाजी करते हुए बड़े शॉट लगाने का प्रयास कर रहे पॉवेल को सही समय पर चकमा दिया। उन्होंने दिखाया कि आईपीएल नीलामी में उन्हें क्यों इतने महंगे दाम में खरीदा गया था। वनडे सीरीज की तरह भारत ने टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में पहले दो मैच जीते। साथ ही एक मैच रहते ही सीरीज अपने नाम की। 18वां और 20वां ओवर भले ही हर्षल ने डाला, लेकिन भुवनेश्वर कुमार के 19वें ओवर को पूरा श्रेय जाना चाहिए जो हार और जीत के बीच का अंतर साबित हुआ। रोवमन पॉवेल 68 रन बनाकर नाबाद रहे। उपकप्तान निकोलस पूरन ने 62 रन बनाए। हालांकि, वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। भारतीय टीम इन दोनों खिलाड़ियों को दिए गए जीवनदान से नाखुश होगा और कप्तान रोहित शर्मा टीम से बेहतर फील्डिंग की उम्मीद करेंगे।

22:40 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: वेस्टइंडीज को 6 गेंद में चाहिए 25 रन

भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने निकोलस पूरन को मिड विकेट पर रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया। पूरन 41 गेंद में 62 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह कीरोन पोलार्ड क्रीज पर आए। भुवनेश्वर ने 19वें ओवर में सिर्फ 4 रन दिए। अब वेस्टइंडीज को आखिरी 6 गेंद में जीत के लिए 25 रन की दरकार है।

22:34 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: वेस्टइंडीज को 12 गेंद में चाहिए 29 रन

निकोलस पूरन ने 34 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं, रोवमैन पॉवेल ने 28 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 57 गेंद में 99 रन की साझेदारी हो चुकी है। 18 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 2 विकेट पर 158 रन है। उसे जीत के लिए 12 गेंद में 29 रन बनाने हैं। पूरन 62 और पॉवेल 51 रन बनाए हैं।

22:18 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: वेस्टइंडीज ने 15 ओवर में 124 रन बनाए

15 ओवरों का खेल हो चुका है। वेस्टइंडीज का स्कोर 2 विकेट पर 124 रन है। निकोलस पूरन ने 31 गेंद में 47 रन बनाए हैं। वह अब तक 4 चौके और 2 छक्के लगा चुके हैं। रोवमैन पॉवेल ने अब तक 19 गेंद में 33 रन बनाए हैं। उन्होंने अब तक 3 चौके और 2 छक्के लगाए हैं। दोनों के बीच 39 गेंद में 65 रन की साझेदारी हो चुकी है।

22:00 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: निकोलस पूरन कर रहे ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

12 ओवरों का खेल हो चुका है। वेस्टइंडीज का स्कोर 2 विकेट पर 91 रन है। निकोलस पूरन ने 24 गेंद में 38 रन बनाए हैं। वह अब तक 3 चौके और 2 छक्के लगा चुके हैं। रोवमैन पॉवेल ने अब तक 8 गेंद में 13 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 21 गेंद में 32 रन की साझेदारी हो चुकी है।

21:41 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: किंग को रवि बिश्नोई ने भेजा पवेलियन

रवि बिश्नोई ने 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने ब्रैंडन किंग को लॉन्ग ऑन पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। किंग 30 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। किंग की जगह रोवमैन पॉवेल क्रीज पर आए। नौ ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 2 विकेट पर 60 रन है। निकोलस पूरन ने अब तक 12 गेंद में 21 रन बनाए हैं।

21:27 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: वेस्टइंडीज ने पावर प्ले में बनाए 41 रन, गंवाया एक विकेट

पावर प्ले (शुरुआती 6 ओवर) तक का खेल हो चुका है। वेस्टइंडीज ने एक विकेट खोकर 41 रन बनाए हैं। ब्रैंडन किंग ने 23 गेंद में 19 रन बनाए हैं। निकोलस पूरन ने 3 गेंद में 6 रन बनाए हैं। काइल मेयर्स 10 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए। युजवेंद्र चहल ने छठे ओवर की पहली गेंद पर मेयर्स को अपनी ही गेंद पर लपका। चहल ने पहले टी20 में भी मेयर्स का विकेट झटका था।

21:00 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: वेस्टइंडीज ने पहले ओवर में बनाए 8 रन

वेस्टइंडीज की ओर से ब्रैंडन किंग और काइल मेयर्स ने पारी की शुरुआत की। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार पहला ओवर लेकर आए। किंग ने दूसरी ही गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। भुवनेश्वर की अगली गेंद वाइड रही। पंत उसे कलेक्ट नहीं कर पाए और गेंद सीमा रेखा के पार चली गई। एक ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 8 रन है।

20:48 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: धीमी शुरुआत के बावजूद भारत ने बनाए 186 रन

विराट कोहली और ऋषभ पंत के अर्धशतकों की मदद से भारतीय टीम धीमी शुरुआत के बावजूद 186 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। कोहली ने आक्रामक रुख अपनाकर जहां मध्य ओवरों में पारी को तेजी प्रदान की, वहीं, पंत ने मु्श्किल स्थिति में वेंकटेश अय्यर के साथ एक महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई और वेस्टइंडीज की गेंदबाजी को धराशायी कर दिया। वेंकटेश ने भी दिखाया कि वह छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं।

20:26 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: भारत ने 16 ओवर में बनाए 152 रन, गंवाए 4 विकेट

17 ओवरों का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर 4 विकेट पर 152 रन है। वेंकटेश अय्यर ने 11 गेंद में 23 रन बनाए हैं। उन्होंने पहली ही गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला था। ऋषभ पंत ने 18 गेंद में 33 रन बनाए हैं। पंत ने अब तक 6 चौके जड़े हैं। वेंकटेश अय्यर ने अब तक 3 चौके और एक छक्का लगाया है। पंत और अय्यर के बीच 21 गेंद में 47 रन की साझेदारी हो चुकी है।

20:23 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: ऐसे देखें मैच की लाइव स्ट्रीमिंग

भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली टी20 सीरीज के दूसरे मैच का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनल्स पर किया जाएगा। हिंदी में आप स्टार स्पोर्ट्स 1 पर प्रसारण देख सकते हैं। इसके अलावा लाइव स्ट्रीमिंग आप डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर देख सकते हैं। मैच से जुड़े अपडेट्स के लिए आप जनसत्ता.कॉम के साथ भी जुड़े रह सकते हैं। जियो ग्राहक जियो टीवी (Jio Tv) के जियो क्रिकेट (Jio Cricket) चैनल पर विभिन्न भाषाओं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें डिज्नी+हॉटस्टार (Disney+HotStar) के सब्सक्रिप्शन की जरुरत नहीं होगी।

20:10 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: भारत ने 14 ओवर में बनाए 110 रन, गंवाए 4 विकेट

14 ओवरों का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर 4 विकेट पर 110 रन है। विराट कोहली 41 गेंद में 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने रोस्टन चेज की गेंद पर बोल्ड होने से पहले छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया था। कोहली की जगह वेंकटेश अय्यर बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला। ऋषभ पंत ने 9 गेंद में 13 रन बनाए हैं। पंत भी 2 चौके जड़ चुके हैं।

19:52 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: सूर्यकुमार यादव लौटे पवेलियन, ऋषभ पंत ने चौके से खोला खाता

रोस्टन चेज ने रोहित के बाद सूर्यकुमार यादव को अपना शिकार बनाया। उन्होंने 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सूर्या का रिटर्न कैच पकड़ लिया। रोस्टन की यह गेंद फुल फ्लाइटेड थी। सूर्या चकमा खा गया। उन्होंने एकदम सीधा खेला, लेकिन गेंद को नीचे रख नहीं पाए। थर्ड अंपायर ने चेक करने के बाद सूर्यकुमार यादव को आउट दिया। सूर्यकुमार यादव 6 गेंद में 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सूर्या की जगह ऋषभ पंत क्रीज पर आए हैं। उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला।

19:43 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: किंग ने लपका हिटमैन का कैच

रोस्टन चेज ने लगातार दूसरे मैच में रोहित शर्मा का शिकार किया। उन्होंने 8वें ओवर की 5वीं गेंद पर रोहित को पॉइंट पर ब्रैंडन किंग के हाथों कैच कराया। रोहित रोस्टन चेज की इस फुलर गेंद को लेग साइड में स्लॉग करना चाहते थे। गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और पॉइंट के ऊपर टंग गई। इस बार ब्रैंडन किंग ने रोहित शर्मा को कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की।

19:32 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: भारत ने 6 ओवर में बनाए 49 रन, गंवाया एक विकेट

पावर प्ले (शुरुआती 6 ओवर) तक का खेल हो चुका है। भारतीय टीम का स्कोर एक विकेट पर 49 रन है। विराट कोहली ने 14 गेंद में 23 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा ने 14 गेंद में 17 रन बनाए हैं। कोहली ने 5 चौके और रोहित ने 2 चौके और एक छक्का लगाया है।

19:20 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: कोहली ने एक ओवर में जड़े दो चौके

इशान की जगह विराट कोहली क्रीज पर आए। कोहली ने तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला। उन्होंने अकील हुसैन के इस ओवर की आखिरी गेंद पर भी चौका जड़ा।

19:18 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: शेल्डन कॉटरेल को मिली पहली सफलता

शेल्डन कॉटरेल ने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर भारत को पहला झटका दिया। उन्होंने इशान किशन को बैकवर्ड पॉइंट पर काइल मेयर्स के हाथों कैच कराया। इशान 10 गेंद में 2 रन ही बना पाए। कॉटरेल की यह गेंद ऑफ स्टंप की लाइन में लेंथ बॉल थी। इशान लेग साइड में फ्लिक करना चाहते थे, लेकिन टाइमिंग मिस हुई और काइल मेयर्स ने आसान सा कैच लपक लिया।

19:07 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: पहले ओवर में भारत ने बनाए 10 रन

पहले ओवर में भारत ने 10 रन बनाए। हालांकि, रोहित और इशान ने 2-2 रन ही बनाए। बाकी के 6 अतिरिक्त रनों से आए। दूसरा ओवर शेल्डन कॉटरेल लेकर आए।

19:02 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: वेस्टइंडीज ने स्पिनर से कराई गेंदबाजी की शुरुआत

भारत की ओर से इशान किशन और रोहित शर्मा ने पारी की शुरुआत की। वेस्टइंडीज की ओर से स्पिनर अकील हुसैन पहला ओवर लेकर आए। रोहित ने उनकी पहली ही गेंद को डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग की ओर खेला और दौड़कर एक रन लिया। इसके साथ ही उन्होंने अपना और टीम का खाता खोला।

18:37 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: ये है वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन

वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोस्टन चेज, रोवमैन पॉवेल, कीरोन पोलार्ड (कप्तान), जेसन होल्डर, ओडियन स्मिथ, अकील हुसैन, रोमारियो शेफर्ड, शेल्डन कॉटरेल।

18:36 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: ये है भारत की प्लेइंग इलेवन

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, वेंकटेश अय्यर, दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, रवि बिश्नोई, युजवेंद्र चहल।

18:10 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: दीपक चाहर की चोट भारत के लिए चिंता का विषय

भारत के लिए तेज गेंदबाज दीपक चाहर की चोट चिंता का विषय होगी। उन्हें पहले टी20 मैच में फील्डिंग करते हुए दाएं हाथ में चोट लगी थी। इस कारण वह अपना गेंदबाजी कोटा भी पूरा नहीं कर पाए थे। रवि बिश्नोई अपने डेब्यू मैच में ही मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय स्पिनर हैं। उनसे पहले ऐसा प्रज्ञान ओझा और अक्षर पटेल ऐसा कर चुके हैं।

18:01 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: इन खिलाड़ियों के साथ उतर सकती है कीरोन पोलार्ड की टीम

वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, निकोलस पूरन, फैबियन एलन, रॉवमैन पॉवेल, कीरोन पोलार्ड (कप्तान), शेल्डन कॉट्रेल, जेसन होल्डर, अकील हुसैन, रोस्टन चेज, ओडियन स्मिथ।

17:52 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: इन खिलाड़ियों के साथ उतर सकती है भारतीय टीम

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, वेंकटेश अय्यर, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, रवि बिश्नोई, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल।

17:45 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: जेसन होल्डर की हो सकती है वापसी

भारत दौरे पर पहली जीत की तलाश में जुटी कीरोन पोलार्ड की टीम के लिए यह ‘करो या मरो’ का मुकाबला है। टीम को तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर जेसन होल्डर की वापसी की उम्मीद होगी। जेसन होल्डर चोट के कारण पहले टी20 में नहीं खेल पाए।

17:36 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: रोहित शर्मा पहले ही दे चुके थे संकेत

रोहित शर्मा ने मैच से पहले भी कहा था कि आईपीएल के समीकरणों के आधार पर वह टीम नहीं बनायेंगे। उन्होंने ऐसा ही किया जब श्रेयस (12.25 करोड़), शार्दुल ठाकुर (10.75 करोड़) और आवेश खान (10 करोड़) को बाहर बैठना पड़ा। आईपीएल टीमों द्वारा रिटेन किये गए रुतुराज गायकवाड़ (छह करोड़ रुपए) और मोहम्मद सिराज (सात करोड़) भी बाहर रहे। दीपक हुड्डा पौने छह करोड़ और कुलदीप यादव दो करोड़ रुपए में बिके हैं यानी भारतीय टीम की रिजर्व बेंच की आईपीएल में कीमत 50 करोड़ रुपए से अधिक थी।

16:30 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: श्रेयस अय्यर को हरफनमौला के रूप में देखना चाहते हैं रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने दूसरे मैच के बाद कहा था, ‘श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ रहा है। यह बहुत कठिन है, लेकिन टीम की जरूरत के हिसाब से फैसला लिया गया। हमें मध्यक्रम में हरफनमौला की जरूरत है।’ उन्होंने कहा, ‘टीम में इस तरह की प्रतिस्पर्धा देखकर अच्छा लग रहा है।’ भारतीय कप्तान ने कहा, ‘श्रेयस को हमने बताया है कि विश्व कप से पहले टीम को एक हरफनमौला की जरूरत है। वे सभी चतुर और पेशेवर खिलाड़ी हैं और समझते हैं कि टीम सर्वोपरि है। अंतिम एकादश का चयन कई मानदंडों को ध्यान में रखकर किया जाता है। विरोधी टीम , हालात, मैदान का आकार वगैरह। कई बार बाहर होने वाले खिलाड़ियों के लिए काफी कठिन होता है, लेकिन हम स्पष्ट संदेश दे रहे हैं। हमें टीम को सबसे पहले रखना है।’

15:24 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: क्या ऋतुराज गायकवाड़ को मिलेगा मौका?

पिछले साल श्रीलंका दौरे पर गई भारत की युवा टीम के साथ इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले ऋतुराज गायकवाड़ को अपनी अगली बारी का इंतजार है। वह वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा हैं। ऐसे में दूसरे मुकाबले में उम्मीदें यह भी हैं कि शायद उन्हें मौका मिल जाए क्योंकि इशान किशन की पहले टी20 में बल्लेबाजी पर कई सवाल उठे थे। हालांकि, कप्तान रोहित शर्मा विनिंग कॉम्बिनेशन में ज्यादा बदलाव करना नहीं चाहेंगे। अगर दीपक चाहर और वेंकटेश अय्यर फिट रहते हैं तो शायद आज टीम बिना किसी बदलाव के उतरे।

14:21 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: हेड टू हेड रिकॉर्ड में भारत आगे

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अभी तक कुल 18 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। जिसमें से 11 बार टीम इंडिया को जीत मिली है और 6 बार कैरेबियाई टीम ने बाजी मारी है। एक मैच दोनों टीमों के बीच बेनतीजा रहा है। कोलकाता के ईडेन गार्डेन्स में भारत ने अब तक 5 मैच खेले हैं जिसमें से 4 टीम इंडिया ने जीते है।

13:38 (IST) 18 Feb 2022
IND vs WI 2ND T20I: विंडीज के खिलाफ 5वीं सीरीज जीतने के करीब भारत

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अभी तक कुल 6 टी20 द्विपक्षीय सीरीज हुई हैं। यह 7वां मौका है कि दोनों टीमें टी20 सीरीज खेल रही हैं। इससे पहले भारत ने 6 में से 4 सीरीज जीती हैं। विंडीज ने टीम इंडिया के खिलाफ दो टी20 सीरीज जीती हैं। भारत अगर आज का मुकाबला जीत जाता है तो पांचवीं सीरीज कैरेबियाई टीम से जीत लेगा।

भारत ने पहला टी20 मैच 6 विकेट से जीता था। दूसरे टी20 मैच में उसने 8 रन से जीत हासिल की। इसके साथ ही उसने तीन मैच की इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 19 टी20 मैच हुए हैं। जिसमें से भारत ने 12 और कैरेबियाई टीम ने 6 मैच जीते हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। इस जीत के बाद ईडेन गॉर्डंस पर भारत का सक्सेस रेट 83 प्रतिशत हो गया है। टीम इंडिया ने ईडेन गॉर्डंस पर 6 टी20 मैच खेले हैं जिसमें से 5 में उसे जीत मिली है और सिर्फ एक में हार। भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ 2017 के बाद से अब तक टी20 सीरीज नहीं हारी है। दोनों टीमों के बीच यह सातवीं टी20 सीरीज है। इसमें भारत ने 5 और वेस्टइंडीज ने 2 जीती हैं।