वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का तूफानी प्रदर्शन जारी है। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम लगातार 7 मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गई है। भारत ने गुरुवार, 2 नवंबर को श्रीलंका को 302 रन से हराया। वानखेड़े में श्रीलंका की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तब ऐसा लगा रहा था एशिया कप का रिप्ले चल रहा है। मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह ने ऐसा कहर बरपाया की श्रीलंका की टीम 55 रन पर ही सिमट गई।

टीम इंडिया के खिलाफ 2023 में श्रीलंका का रिकॉर्ड काफी खराब रहा है। एक ही साल में तीसरी बार श्रीलंका की टीम 100 से कम रन पर आउट हो गई। भारत ने इस साल दूसरी बार श्रीलंका को 300 से ज्यादा रन से हराया। जनवरी में त्रिवेंद्रम, सितंबर में कोलंबो और अब नवंबर में वानखेड़े में ऐसा हुआ है।

11 महीने में भारत ने श्रीलंका को दूसरी बार 300 से ज्यादा रन से हराया

जनवरी 2023 में श्रीलंका की टीम भारत दौरे पर आई थी। त्रिवेंद्रम में खेले गए वनडे मैच में टीम 317 रन से हारी थी। यह वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी हार है। इसके बाद नवंबर 2023 में वर्ल्ड कप में भारत ने श्रीलंका को 302 रन से हरा दिया। 11 महीने में श्रीलंका की टीम दूसरी बार 300 से ज्यादा रन से हारी है।

एक ही साल में भारत के खिलाफ श्रीलंका 3 बार 100 से कम स्कोर पर आउट

श्रीलंका की टीम भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट के इतिहास में तीसरी बार 100 से कम के स्कोर पर आउट हुई। तीनों बार ऐसा इसी साल हुआ है। वनडे में भारत के खिलाफ सबसे कम स्कोर श्रीलंका के ही नाम है। एशिया कप में टीम 50 रन पर आउट हुई थी। इसके बाद टीम वानखेड़े में 55 रन पर आउट हुई। इससे पहले त्रिवेंद्रम में 73 रन पर आउट हुई थी। श्रीलंका के अलावा बांग्लादेश 2014 में 58 और जिम्बाब्वे 2005 में 65 रन पर आउट हुई थी।