India vs South Africa 2nd Test Day 2: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 मैच की सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच जोहानिसबर्ग के वांडरर्स मैदान पर खेला जा रहा है। चार जनवरी 2022 को मैच का दूसरा दिन था। पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी 11 विकेट गिरे। इसमें से साउथ अफ्रीका ने 9, जबकि भारत ने 2 विकेट गंवाए।

दूसरे दिन 11 में से 7 विकेट शार्दुल ठाकुर के हिस्से में आए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय भारत का स्कोर 20 ओवर में 2 विकेट पर 85 रन है। चेतेश्वर पुजारा 42 गेंद में 35 रन बनाकर नाबाद हैं। अजिंक्य रहाणे ने 22 गेंद में 11 रन का योगदान दिया है।

इससे पहले दूसरे दिन साउथ अफ्रीका की पहली पारी 229 रन पर सिमटी। भारत की ओर शार्दुल ठाकुर ने 61 रन देकर 7 विकेट लिए। यह उनका टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। यही नहीं, यह किसी भी भारतीय गेंदबाज का साउथ अफ्रीका के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।

India vs South Africa 2nd Test Live Score Updates, Day 3: यहां जानें भारत-साउथ अफ्रीका दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का लाइव स्कोर

पहले दिन का खेल खत्म होने के समय दक्षिण अफ्रीका ने 18 ओवर में एक विकेट पर 35 रन बनाए थे। पहले दिन भारतीय कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि, भारत को मध्यक्रम की नाकामी का फिर खामियाजा भुगतना पड़ा।

Match Ended

Freedom Trophy, 2021/22

South Africa 
229(79.4)& 243/3(67.4)

vs

India  
202(63.1)& 266(60.1)

Match Ended ( Day 4 – 2nd Test )
South Africa beat India by 7 wickets

Live Updates
21:14 (IST) 4 Jan 2022
भारत की लीड 58 रन की हुई

दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है। भारत के 202 रनों के जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम ने 229 रन बनाए। पीटरसन ने 62 और बाबुमा ने 51 रन बनाए। हालांकि, दूसरा दिन शार्दुल ठाकुर के लिए याद रखा जाएगा। उन्होंने पारी में सात विकेट चटकाए। उससे भी ज्‍यादा अहम यह है कि वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ पारी में सात विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने हैं। दूसरी पारी में भारत ने केएल राहुल और मयंक अग्रवाल के विकेट जरूर गंवाए, लेकिन जो इंटेंट खासकर पुजारा ने दिखाया है, उससे लगता है कि वह अलग मूड में हैं। उनकी यह पारी अजिंक्‍य रहाणे को भी बहुत आत्‍मविश्‍वास दे सकती है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय भारत का स्कोर 20 ओवर में 2 विकेट पर 85 रन है। चेतेश्वर पुजारा 42 गेंद में 35 रन बनाकर नाबाद हैं। अजिंक्य रहाणे ने 22 गेंद में 11 रन का योगदान दिया है।

20:36 (IST) 4 Jan 2022
मयंक अग्रवाल हुए LBW

ऑलिवियेर ने साउथ अफ्रीका को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने 12वें ओवर की चौथी गेंद पर मयंक अग्रवाल को एलबीडब्ल्यू किया। मयंक 23 रन बनाकर आउट हुए। ऑलिवियेर की यह गेंद तेजी से अंदर की ओर आई। अब फॉर्म से जूझ रहे दोनों भारतीय बल्‍लेबाज पुजारा और रहाणे क्रीज पर हैं।

20:11 (IST) 4 Jan 2022
विवादास्पद कैच पर पवेलियन लौटे केएल राहुल

मार्को यानसन 7वां ओवर लेकर आए। उन्होंने 5वीं गेंद पर केएल राहुल को एडेन मार्कराम के हाथों कैच करा दिया। राहुल 8 रन ही बना पाए। मार्को की यह गेंद ऑफ स्‍टंप के करीब बैक ऑफ गुड लेंथ थी। राहुल डिफेंस करने गए लेकिन गेंद बल्‍ले का बाहरी किनारा लेती हुई सीधा दूसरी स्लिप पर खड़े मार्कराम के हाथों में नीचे की ओर जा पहुंची। थर्ड अंपायर के पास फैसला गया,लेकिन अंपायर परख नहीं सके कि गेंद सीधा हाथ में पहुंची या नहीं? हालांकि, राहुल को पवेलियन लौटना पड़ा।

20:08 (IST) 4 Jan 2022
मयंक ने भारत को तेज शुरुआत

मयंक अग्रवाल और केएल राहुल ने भारतीय पारी की शुरुआत की। कगिसो रबाडा पहला ओवर लेकर आए। मयंक ने पहली पारी की तरह तेज शुरुआत की। नतीजा यह रहा कि शुरुआती 5 ओवर में भारत ने बिना विकेट खोए 23 रन बना लिए थे। इसमें मयंक के 16 गेंद में 16 रन और राहुल के 7 रन थे।

19:42 (IST) 4 Jan 2022
शार्दुल ने कायम रखा कप्तान का भरोसा

एक समय बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही साउथ अफ्रीकी पारी पर शार्दुल ने लगाम लगाई। कप्तान केएल राहुल ने भी उन पर पूरा भरोसा जताया। तीसरे सत्र में राहुल ने बुमराह को हटाकर शमी को लगाया गया। वहीं शार्दुल ठाकुर को जारी रखा।

19:03 (IST) 4 Jan 2022
बुमराह ने केशव को किया बोल्ड

जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में अपना पहला विकेट लिया। उन्होंने 76वें ओवर की दूसरी गेंद पर केशव महाराज को क्लीन बोल्ड किया। केशव महाराज 21 रन बनाकर आउट हुए।

18:54 (IST) 4 Jan 2022
साउथ अफ्रीका ने ली लीड

चायकाल के बाद का खेल जारी है। शार्दुल ठाकुर ने साउथ अफ्रीका की पारी का 73वां ओवर फेंका। उनके इस ओवर की आखिरी गेंद पर मार्को यानसन ने 2 रन लिए। इसके साथ ही साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया पर एक रन की बढ़त हासिल कर ली। शार्दुल की यह गेंद पैरों पर फुलर थी। मार्को ने डीप मिडविकेट पर स्लॉग किया। टाइमिंग अच्छी नहीं थी, लेकिन जब तक सर्किल का फील्डर पहुंचता तब तक गेंद टप्पा खा चुकी थी।

18:15 (IST) 4 Jan 2022
टी ब्रेक तक साउथ अफ्रीका ने बनाए 191 रन

दूसरे दिन दो सत्र का खेल हो चुका है। चायकाल का समय हो चुका है। दूसरे सेशन में शार्दुल ठाकुर चमके। उन्होंने दो विकेट और निकाले। इस सेशन में उन्होंने अपने टेस्‍ट करियर में पहली बार पांच विकेट लिए। शमी ने भी एक विकेट लिया। अब भारत को साउथ अफ्रीका को जल्‍द समेटने की जरूरत है। चायकाल के समय साउथ अफ्रीका का स्कोर 70 ओवर में 7 विकेट पर 191 रन है। मार्को यानसन 2 और केशव महाराज 11 रन बनाकर नाबाद हैं।

18:00 (IST) 4 Jan 2022
शमी ने रबाडा को भेजा पवेलियन

भारतीय टीम मैच में वापसी करती दिख रही है। उसने 2 ओवर में दक्षिण अफ्रीका के 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। शमी ने 68वें ओवर की तीसरी गेंद पर कगिसो रबाडा को मोहम्मद सिराज के हाथों मिडऑन पर कैच कराया। रबाडा बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। शमी की यह गेंद चौथे स्‍टंप पर फुलर थी। रबाडा कवर ड्राइव करने गए, लेकिन गेंद मिडऑन की ओर सीधा सिराज के हाथों में पहुंच गई।

17:54 (IST) 4 Jan 2022
शार्दुल ने अब बावुमा को भेजा पवेलियन

शार्दुल ने 67वें ओवर की तीसरी गेंद पर फिर कमाल किया। उन्होंने टेम्बा बावुमा को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। शार्दुल ने टेस्‍ट करियर में पहली बार पारी में 5 विकेट लिए। शार्दुल ने इस मैच के दूसरे दिन अब तक कमाल की गेंदबाजी की है। शार्दुल की यह गेंद बैक ऑफ लेंथ थी। कमर तक गेंद आई, ग्‍लांस करने गए बावुमा, लेकिन गेंद ग्‍लव्‍स से लगकर पंत के दस्‍तानों में जा समाई। बाबुमा 60 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके और एक छक्का लगाया।

17:49 (IST) 4 Jan 2022
शार्दुल फिर बने संकटमोचक

शार्दुल एक बार फिर अर्धशतकीय साझेदारी तोड़ने में कामयाब रहे। शार्दुल ठाकुर ने इस मैच में अपना चौथा विकेट झटका और भारत को 5वीं सफलता दिलाई। उन्होंने वर्नेन को एलबीडब्ल्यू किया। शार्दुल की यह गेंद ऑफ स्‍टंप के करीब बैक ऑफ गुड लेंथ थी। गेंद तेजी से अंदर की ओर आई, लेकिन वर्नेन बल्‍ले को गेंद तक नहीं ला पाए। गेंद पैड पर जाकर लगी। अंपायर ने अंगुली उठाई, साउथ अफ्रीका ने रिव्‍यू लिया, लेकिन कोई फायदा नहीं और रिव्‍यू भी गंवाया।

17:30 (IST) 4 Jan 2022
लंच के बाद छाए दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज

लंच के बाद अब तक हुए खेल में दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी है। उसके बल्लेबाज काइल वर्नेन और टेम्बा बावुमा ने 5वें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। साउथ अफ्रीका का स्कोर भी 150 रन के पार पहुंच चुका है। 62 ओवर के बाद साउथ अफ्रीका का स्कोर 4 विकेट पर 153 रन है। टेम्बा बावुमा ने 29 और काइल वर्नेन 20 ने रन बनाए हैं।

16:14 (IST) 4 Jan 2022
लंच के बाद का खेल शुरू

लंच के बाद का खेल शुरू हो चुका है। टेम्बा बावुमा के साथ नए बल्लेबाज काइल वेरेन क्रीज पर हैं। लंच के बाद शार्दुल ने अपने ओवर की बाकी बची दो गेंदें फेंकी। इसमें उन्होंने कोई रन नहीं दिया।

15:48 (IST) 4 Jan 2022
मेजबानों को हो सकती है मुश्किल

लंच हो गया है। भारतीय क्रिकेट टीम के लिहाज से आखिरी एक घंटा बेहतरीन रहा। शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट लेकर भारतीय टीम की मैच में वापसी कराई। पीटरसन जरूर अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे, लेकिन उनकी बेहतरीन बल्‍लेबाजी के बावजूद मेजबान टीम अब मुश्किल में फंसती दिख रही है।

15:37 (IST) 4 Jan 2022
शार्दुल ठाकुर ने साउथ अफ्रीका को चौथा झटका दिया

शार्दुल ठाकुर कमाल कर रहे हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका को चौथा झटका दिया। उन्होंने रॉसी वेन डेर डूसेन को पंत के हाथों कैच कराकर अपना तीसरा विकेट झटका। रॉसी एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। शार्दुल की यह गेंद ऑफ स्‍टंप के करीब गुड लेंथ थी। स्‍क्रैंबल सीम, यह गेंद तेजी से अंदर आई, रॉसी पूरी तरह से चौक गए, बल्‍ले का अंदरुनी किनारा लेकर गेंद कीपर के पास पहुंची। रॉसी के पवेलियन लौटने के साथ ही अंपायर्स ने लंच का ऐलान कर दिया। लंच के समय साउथ अफ्रीका का स्कोर 44.4 ओवर में 4 विकेट पर 102 रन है। टेम्बा बावुमा ने अभी खाता नहीं खोला है।

15:27 (IST) 4 Jan 2022
कीगन पीटरसन 62 रन बनाकर हुए आउट

शार्दुल ठाकुर ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई। इस बार उन्होंने 43वें ओवर की आखिरी गेंद पर सेट बल्लेबाज कीगन पीटरसन को विकेट झटका। शार्दुल की यह गेंद चौथे स्‍टंप पर फुलर थी। गेंद बाहर की ओर निकली। पीटरसन ड्राइव करने गए, लेकिन गेंद ने बल्‍ले का बाहरी किनारा लिया और दूसरी स्लिप में खड़े मयंक अग्रवाल ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। कीगन पीटरसन 118 गेंद में 62 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 9 चौके लगाए। उनकी जगह टेम्बा बावुमा क्रीज पर आए हैं।

15:10 (IST) 4 Jan 2022
साउथ अफ्रीका का शतक पूरा

डीन एल्गर की जगह रॉसी वैन डेर डूसेन क्रीज पर आए। इस बीच, कीगन पीटरसन ने शमी की गेंद पर चौका जड़कर टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने शमी के इस ओवर में 3 चौके लगाए। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका का भी शतक पूरा हो गया।भारतीय गेंदबाजों का जल्द से जल्द कीगन पीटरसन को पवेलियन भेजना होगा।

15:06 (IST) 4 Jan 2022
शार्दुल ठाकुर ने दिलाई भारत को दूसरी सफलता

शार्दुल ठाकुर ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने कप्तान डीन एल्गर का विकेट झटका। शार्दुल ने 39वें ओवर की 5वीं गेंद पर एल्गर को पंत के हाथों कैच कराया।

इसके साथ ही उन्होंने कीगन पीटरसन और डीन एल्गर की साझेदारी तोड़ दी। शार्दुल की यह गेंद ऑफ स्‍टंप के करीब गुड लेंथ थी। गिरकर बाहर की ओर निकली। एल्गर ने डिफेंस का प्रयास लेकिन गेंद बल्‍ले का किनारा लेकर कीपर के पास गई। एल्गर 28 रन बनाकर आउट हुए।

14:40 (IST) 4 Jan 2022
कीगन पीटरसन और डीन एलगर क्रीज पर टिके

साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज कीगन पीटरसन और डीन एलगर क्रीज पर टिक गए हैं। पीटरसन ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं। वह तीसरे नंबर पर उतरने के बावजूद 42 रन बना चुके हैं। डीन एलगर के खाते में अभी सिर्फ 16 रन हैं। दोनों के बीच 50 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। आज 15 ओवर का खेल हो चुका है। साउथ अफ्रीका का स्कोर 33 ओवर में एक विकेट पर 69 रन है।

13:36 (IST) 4 Jan 2022
पहला घंटा रहेगा महत्वपूर्ण

टेस्ट मैच के हर दिन का पहला घंटा बहुत महत्वपूर्ण होता है। वह पूरे दिन के खेल को निर्धारित कर सकता है। भारतीय गेंदबाज दिन की शुरुआत बेहतरीन ढंग से करना चाहेंगे। साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों की भी कुछ यही कोशिश होगी। मोहम्मद सिराज भी हडल में हैं, इसका मतलब कल की उनकी हैमस्ट्रिंग गंभीर नहीं है। डीन एलगर के साथ कीगन पीटरसन क्रीज पर हैं। भारत के लिए मोहम्मद शमी दिन का पहला ओवर लेकर आए। एलगर के लिए तीन स्लिप और गली है। शमी ने बाएं हाथ के एल्गर के लिए राउंद द विकेट गेंदबाजी शुरू की।

13:30 (IST) 4 Jan 2022
भारतीय पेसर्स को मिल सकता है फायदा

सुनील गावस्कर के मुताबिक, पहले दिन उछाल की वजह से दिक्कत हुई, लेकिन आज से यह उछाल और भी ज़्यादा तेज हो जाएगी। ऐसे में भारतीय टीम के तेज़ गेंदबाजों को फायदा मिल सकता है। वहीं मार्को यानसन के गेंदबाज़ी में लैंड करते वक्त पिच पर ऑफ साइड में मार्क बन गए हैं। ऐसे में भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इसका फायदा उठा सकते हैं।