IND W vs PAK W World Cup: मिताली राज और उनकी टीम ने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2022 में अपने अभियान की शुरुआत 6 मार्च 2022 को न्यूजीलैंड के माउंट मोनगानुई में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से की। इस मैच में भारत ने वनडे क्रिकेट में 11वें मौके पर भी पाकिस्तान को 107 रनों से हराकर अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा। वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान को सभी तीन मौकों पर मात दी है।

मिताली ब्रिगेड ने बिस्माह मारूफ की पाकिस्तान को 107 रनों से हराकर वनडे वर्ल्ड कप में विजयी आगाज किया है। भारत के लिए इस मैच में स्नेह राणा स्टार रहीं जिन्होंने पहले तेजतर्रार 53 रन बनाए उसके बाद 2 विकेट भी झटके। इसके अलावा पूजा वस्त्राकर ने सर्वाधिक 67 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में राजेश्वरी गायकवाड़ 10 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट लेने के बाद सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहीं।

भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 244 रन बनाए थे। भारत की ओर से स्मृति मंधाना, पूजा वस्त्राकर और स्नेह राणा ने अर्धशतक लगाए। पूजा वस्त्राकर और स्नेह राणा ने 7वें विकेट के लिए 96 गेंद में 122 रन की साझेदारी की। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 43 ओवर में 137 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ अब अपने सभी 11 वनडे मुकाबले जीतकर अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा है। वहीं वनडे वर्ल्ड कप में तीसरी बार पड़ोसियों को हराकर भी भारत आईसीसी इवेंट में पाकिस्तान के सामने अजेय रहा है।

Live Updates

Women's World Cup INDW vs PAKW ODI: विश्व कप में और वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय महिला टीम का अजेय रिकॉर्ड बरकरार रहा है।

13:56 (IST) 6 Mar 2022
पूजा वस्त्राकर बनीं प्लेयर ऑफ द मैच

भारत के 114 रन पर 6 विकेट गिरने के बाद पूजा वस्त्राकर और स्नेह राणा ने भारतीय पारी को संभाला। भारत ने पूजा के 67 और स्नेह के 53 रनों की बदौलत भारत का स्कोर 240 पार पहुंचाया। पूजा वस्त्राकर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तेजतर्रार पारी खेली। हालांकि उन्हें गेंदबाजी नहीं करते देखा गया। इसके बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

13:21 (IST) 6 Mar 2022
भारत ने जीत से की शुरुआत, पाकिस्तान को तीसरी बार वर्ल्ड कप में हराया

भारतीय महिला टीम ने वनडे वर्ल्ड कप 2022 में जीत के साथ शुरुआत की है। पहले मुकाबले में मिताली ब्रिगेड ने बिस्माह मारूफ की पाकिस्तान को 107 रनों से हराकर विजयी आगाज किया है। भारत के लिए इस मैच में स्नेह राणा हीरो रहीं जिन्होंने पहले तेजतर्रार 53 रन बनाए उसके बाद 2 विकेट भी झटके। इसके अलावा पूजा वस्त्राकर ने सर्वाधिक 67 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में राजेश्वरी गायकवाड़ 10 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट लेने के बाद सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहीं।

12:55 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: भारत जीत से एक विकेट दूर

स्नेह राणा ने पाकिस्तान को 114 रनों पर 9वां झटका दिया है। भारत अब विश्व कप में पहली जीत से महज एक विकेट दूर है। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान को 2 बार वर्ल्ड कप में 10 बार सभी मौकों पर वनडे क्रिकेट में मात दी थी।

12:53 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: भारत जीत से 2 विकेट दूर

भारतीय टीम अब पाकिस्तान को वर्ल्ड कप में तीसरी बार हराने की कगार पर है। राजेश्वरी गायकवाड़ ने चौथा विकेट लेते हुए सिद्रा नवाज को 12 रन पर पवेलियन भेजा। पाकिस्तान ने 113 रनों पर अपना 8वां विकेट गंवाया। पाकिस्तान को जीत के लिए 245 रनों की जरूरत है।

12:43 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: गायकवाड़ को मिला तीसरा विकेट

राजेश्वरी गायकवाड़ ने फातिमा सना को 17 रन पर आउट कर भारत को 98 रन पर सातवां विकेट दिला दिया है। गायकवाड़ की यह तीसरी सफलता थी। भारतीय टीम अब जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है। झूलन गोस्वामी ने भी सिद्रा अमीन और निदा दार के दो बड़े विकेट झटके हैं।

12:26 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: पाकिस्तान ने 87 रन पर गंवाया छठा विकेट

पाकिस्तान को 87 रन पर छठा झटका लग गया है। राजेश्वरी गायकवाड़ ने आलिया रियाज को 11 रन पर आउट कर भारत को एक और विकेट दिलाया। भारत ने मैच पर अब अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पाकिस्तान को 20 ओवर में 158 रन चाहिए हैं और उनके बस 4 विकेट शेष हैं।

12:00 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W: पाकिस्तान की आधी टीम 70 पर आउट

भारत के 245 रनों के लक्ष्य के जवाब में पाकिस्तान की आधी टीम 70 रनों पर पवेलियन लौट गई है। अनुभवी गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने निदा दार को 4 रन पर आउट कर भारत को पांचवी सफलता दिलाई। यह उनका दूसरा विकेट था। इससे पहले उन्होंने सेट बैटर सिद्रा अमीन को 30 के स्कोर पर आउट किया था।

11:53 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W: झूलन ने दिलाई बड़ी सफलता, पाक का स्कोर 67/4

पाकिस्तान की सेट खिलाड़ी सिद्रा अमीन को 30 रन पर आउट कर झूलन गोस्वामी ने भारत को चौथी सफलता दिला दी है। 22वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौथा विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान का स्कोर 67 रन पर 4 विकेट है। भारत ने पहले खेलते हुए 7 विकेट पर 244 रन बनाए थे।

11:46 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W: स्नेह राणा ने पहले ओवर में ही झटका विकेट

भारतीय ऑलराउंडर स्नेह राणा ने 58 रन पर पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया। उन्होंने अपने पहले ओवर में ही ओमैमा सोहेल को महज 5 रन पर आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। पाकिस्तान की मुश्किलें अब बढ़ गई हैं। 20 ओवर के बाद उनका स्कोर है 3 विकेट के नुकसान पर 65 रन।

11:40 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W: दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तानी कप्तान को भेजा पवेलियन

दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तानी कप्तान बिस्माह मारूफ को 15 रन पर आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिला दी है। पाकिस्तान ने 53 रन पर अपना दूसरा विकेट गंवाया। इससे पहले राजेश्वरी गायकवाड़ ने ओपनर जावेरिया खान को वापस पवेलियन का रास्ता दिखाया था।

11:15 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W: राजेश्वरी गायकवाड़ ने दिलाई भारत को पहली सफलता

245 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान को राजेश्वरी गायकवाड़ ने पहला झटका दिया है। अपने पहले ही ओवर में उन्होंने पाकिस्तानी ओपनर जावेरिया खान को वापस पवेलियन का रास्ता दिखाया। जावेरिया 11 रनों पर आउट हुईं और पाकिस्तान को 28 रन पर पहला झटका लगा।

10:37 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: पाकिस्तान ने 2 ओवर में बनाए 5 रन

भारत के खिलाफ पाकिस्तान महिला टीम ने सधी शुरुआत की। पाकिस्तान की ओर से सिदरा अमीन और जावेरिया खान ने पारी की शुरुआत की। भारत की ओर से झूलन गोस्वामी पहला ओवर लेकर आईं। उनके ओवर में पाकिस्तान ने 4 रन बनाए। दूसरा ओवर मेघना सिंह ने डाला। मेघना ने इस ओवर में सिर्फ एक रन लिया।

10:17 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: निदा डार नाखुश

भारतीय पारी के बाद पाकिस्तान की निदा डार ने कहा कि उनकी शुरुआत अच्छी थी, लेकिन 240 के अधिक का स्कोर खड़ा करने देने से टीम नाखुश है। उन्हें लगता है यह स्कोर उनके रेंज में जरूर है। कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा, देख के बहुत खुशी हुई, मैंने जब स्कोर देखा था तब 112 रन थे। उस समय लग रहा था 200 भी बन जाएं तो बड़ी बात होगी पर ये एक अच्छा स्कोर साबित हो सकता है।

10:08 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: दो बार टूट चुका है भारत का खिताब जीतने का सपना

भारतीय टीम इससे पहले साल 2005 और 2017 में खिताब जीतने के करीब पहुंची थी, लेकिन दोनों बार उसे उपविजेता ट्रॉफी से ही संतोष करना पड़ा। साल 2005 में ऑस्ट्रेलिया ने उसे 98 रन से हराया। वहीं, 2017 में इंग्लैंड ने 9 रन से मात दी थी।

10:03 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: पाकिस्तान के खिलाफ अजेय है भारतीय टीम

भारतीय टीम की नजर अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत हासिल कर टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शानदार करने पर है। भारतीय महिला टीम वनडे इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ अब तक एक मैच भी नहीं हारी है। आईसीसी 2021 मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2021 से पहले तक भारतीय पुरुष टीम भी विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ अजेय थी।

09:49 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: स्नेह राणा ने 45 गेंद में ठोका पचासा

पूजा वस्त्राकर के बाद स्नेह राणा ने भी अपना पचासा पूरा किया। उन्होंने डायना बेग की गेंद पर चौका जड़कर 45 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। राणा ने इसके बाद एक रन लेकर स्ट्राइक पूजा को दी। पूजा ने ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर चौके जड़े। 49 ओवर के बाद भारत का स्कोर 6 विकेट पर 236 रन है।

09:41 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: पूजा ने 48 गेंद में जड़ा पचासा

पूजा वस्त्राकर ने वर्ल्ड कप डेब्यू मैच में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने डायना बेग की गेंद पर 2 रन लेकर 48 गेंद में अपना पचासा पूरा किया। पूजा ने स्नेह राणा के साथ 7वें विकेट के लिए 83 गेंद में 100 रन की साझेदारी भी पूरी कर ली। 47 ओवर के बाद भारत का स्कोर 6 विकेट पर 215 रन है। स्नेह राणा ने 41 गेंद में 43 रन बनाए हैं।

09:20 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: पूजा और राणा ने संभाली पारी

पूजा वस्त्राकर और स्नेह राणा ने अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की है। 42 ओवर के बाद भारत का स्कोर 6 विकेट पर 182 रन है। पूजा वस्त्राकर ने 34 गेंद में 38 और स्नेह राणा ने 28 गेंद में 27 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 54 गेंद में 68 रन की साझेदारी हो चुकी है।

08:52 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: नशरा संधू ने मिताली को दिखाई पवेलियन की राह

पाकिस्तान के लिए नशरा संधू 34वां ओवर लेकर आईं। उन्होंने पहली ही गेंद पर भारतीय कप्तान को डायना बेग के हाथों कैच करा दिया। मिताली 36 गेंद में 9 रन ही बना पाईं। मिताली की जगह दाएं हाथ की बल्लेबाज पूजा वस्त्राकर क्रीज पर आईं हैं। मिताली के आउट होने के बाद भारतीय पारी पर संकट गहरा गया है। 34 ओवर के बाद भारत के खाते में अभी 115 रन ही जुड़े हैं, जबकि उसके 6 खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके हैं।

08:35 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: खराब गेंद पर आउट हुईं ऋचा घोष

भारत को 31वें ओवर में निदा डार ने फिर एक झटका दिया। इस बार उन्होंने ऋचा घोष को अपना शिकार बनाया। निदा ने ओवर की पांचवीं गेंद काफी बाहर की पिच की थी। यह फुल लेंथ गेंद थी। ऋचा जबरदस्ती उसको स्वीप करना चाहती थीं। गेंद ने बल्ले का बस निचला किनारा छुआ और ऑफ स्टंप बिखेर दिया। ऋचा ऐसे शॉट से फैंस ही नहीं वह खुद भी निराश हुईं होंगी। 31 ओवर के बाद भारत का स्कोर 5 विकेट पर 112 रन है। मिताली राज ने 8 रन बनाए हैं। स्नेह राणा ने अभी खाता नहीं खोला है।

08:30 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: हरमनप्रीत 5 रन ही बना पाईं

भारत को 29वें ओवर की चौथी गेंद पर एक और बड़ा झटका लगा। निदा डार ने हरमनप्रीत को बोल्ड कर दिया। हरमनप्रीत कौर 14 गेंद में 5 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी जगह ऋचा घोष क्रीज पर आईं। निदा की यह गेंद फुलर थी। हरमनप्रीत ने एक कदम आगे निकलकर लेग साइड में खेलने का प्रयास किया, लेकिन अंदर आती गेंद के टर्न से बीट हुईं। गेंद बैट की बजाय पैड पर लगी और अंपायर ने तुरंत अंगुलियां खड़ी कर दीं। हरमनप्रीत ने तुरंत रिव्यू लिया, लेकिन रिव्यू में गेंद विकेट को हिट करती दिखी। हरमनप्रीत को पवेलियन लौटना पड़ा।

08:15 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: भारत को 14 गेंद के भीतर लगे 2 झटके

भारत को 25वें ओवर की पहली गेंद पर बड़ा झटका लगा। फॉर्म में चल रहीं स्मृति मंधाना 52 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गईं। अनम अमीन ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपका। मंधाना ने अपनी 75 गेंद की पारी में 3 चौके और एक छक्का लगाया। मंधाना की जगह हरमनप्रीत कौर क्रीज पर आईं हैं। मंधाना के आउट होने के कारण मिताली और हरमनप्रीत पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। 26 ओवर के बाद भारत का स्कोर 3 विकेट पर 102 रन है। मिताली और हरमनप्रीत ने अभी 2-2 रन ही बनाए हैं।

08:00 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: नशरा संधू ने दीप्ति शर्मा को किया बोल्ड

भारतीय फैंस के लिए 22वां ओवर खुशी और उदासी दोनों लेकर आया। नशरा संधू की पांचवीं गेंद पर स्मृति मंधाना ने एक रन लेकर वनडे इंटरनेशनल में अपनी 25वीं फिफ्टी पूरी की। अगली ही गेंद पर दीप्ति शर्मा पवेलियन लौट गईं। नशरा ने उन्हें 40 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। दीप्ति ने 57 गेंद की अपनी पारी में 2 चौके लगाए। दीप्ति की जगह मिताली राज क्रीज पर आईं हैं।

07:47 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: स्मृति मंधाना अर्धशतक के करीब

19 ओवरों का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर एक विकेट पर 83 रन है। स्मृति मंधाना ने अब तक 64 गेंद में 45 और दीप्ति शर्मा ने 46 गेंद में 32 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 98 गेंद में 79 रन की साझेदारी हो चुकी है। मंधाना ने अपनी पारी में 3 चौके और एक छक्का, जबकि दीप्ति ने 2 चौके लगाए हैं।

07:35 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: मंधाना और दीप्ति ने पूरी की अर्धशतकीय साझेदारी

16 ओवरों का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर एक विकेट पर 65 रन है। स्मृति मंधाना ने अब तक 54 गेंद में 37 और दीप्ति शर्मा ने 38 गेंद में 22 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 80 गेंद में 61 रन की साझेदारी हो चुकी है। मंधाना ने अपनी पारी में 3 चौके और एक छक्का, जबकि दीप्ति ने एक चौका लगाया है।

07:12 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: भारत ने 11 ओवर में बनाए 38 रन, गंवाया एक विकेट

11 ओवरों का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर एक विकेट पर 38 रन है। स्मृति मंधाना ने 40 गेंद में 23 और दीप्ति शर्मा ने 21 गेंद में 13 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 49 गेंद में 34 रन की साझेदारी हो चुकी है। मंधाना ने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का, जबकि दीप्ति ने एक चौका लगाया है।

07:01 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: भारत ने 8 ओवर में बनाए 21 रन, गंवाया एक विकेट

आठ ओवरों का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर एक विकेट पर 21 रन है। स्मृति मंधाना ने 32 गेंद में 15 और दीप्ति शर्मा ने 11 गेंद में 4 रन बनाए हैं। पाकिस्तानी गेंदबाजों के आगे मंधाना और दीप्ति दोनों ही अपना नेचुरल गेम नहीं खेल पा रही हैं। हालांकि, दोनों की योजना अभी पारी संभालने और बाद में बड़े-बड़े शॉट लगाने की होगी।

06:44 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: डायना बेग ने शेफाली को किया बोल्ड

दूसरे ओवर में स्मृति मंधाना एक भी रन नहीं बना पाईं। अनम अमीन ने बहुत बढ़िया गेंदबाजी की। तीसरे ओवर में डायना बेग ने भारत को पहला झटका दिया। उन्होंने अपने ओवर की आखिरी गेंद पर युवा सनसनी शेफाली वर्मा को बोल्ड कर दिया। शेफाली बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 4 रन है। शेफाली की जगह दीप्ति शर्मा बल्लेबाजी के लिए आईं हैं।

06:33 (IST) 6 Mar 2022
IND W vs PAK W World Cup Live Score: पहले ओवर में भारत ने बनाए 3 रन

भारत की ओर से स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पारी की शुरुआत की। पाकिस्तान के लिए डायना बेग पहला ओवर लेकर आईं। उनकी पहली गेंद पर मंधाना कोई रन नहीं बना पाईं, लेकिन दूसरी गेंद पर 2 रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। तीसरी और चौथी गेंद पर भी कोई रन नहीं बना। पांचवीं गेंद पर मंधाना बीट हुईं। हालांकि, आखिरी गेंद पर एक रन लेने में सफल रहीं। पहले ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना नुकसान के 3 रन है। तीनों रन मंधाना ने बनाए हैं।

दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड की बात करें तो भारतीय टीम का पलड़ा भारी है। वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच भी नहीं गंवाया है। इस मैच से पहले वर्ल्ड कप में दोनों के बीच इससे पहले 2 बार भिड़ंत हुई थीं। दोनों बार जीत भारतीय टीम के हिस्से आई थी। वनडे इंटरनेशनल में ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो इस मैच से पहले भारत का पाकिस्तान के खिलाफ सौ फीसदी सक्सेस रेट था और वह बरकरार रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 11 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें से सभी में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है। साल 2017 और उससे पहले 2009 में हुए वर्ल्ड कप पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ 100 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाई थी।