भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला चेन्नई में खेला जा रहा है। पहली पारी में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की है। तीन टेस्ट के बाद वापसी करने वाले विराट कोहली ने पहली पारी में तीनों रिव्यू बर्बाद कर दिए। इसके बाद ट्विटर पर कोहली को क्रिकेट फैंस ने ट्रोल कर दिया और कप्तानी से हटने की सलाह दे डाली। फैंस ने अजिंक्य रहाणे को नियमित कप्तान बनाने की मांग की।
दूसरे दिन टीम इंडिया ने लगातार दो ओवर में दो बार अंपायर के फैसले को चुनौती दी। दोनों बार नाकामी हाथ लगी। भारत ने 5 गेंद के अंदर दो विकेट गंवा दिए। इंग्लैंड की पारी के 108वें ओवर में रविचंद्रन अश्विन ने बेन स्टोक्स के खिलाफ एलबीडब्ल्यू के लिए रिव्यू लिया। हालांकि, बॉल पैड में लगने से पहले कलाई पर लगी थी। टीवी अंपायर ने इस कॉल को रद्द कर दिया। इसके बाद शाहबाज नदीम ने रूट के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील की। फील्ड अंपायर द्वारा नकारे जाने के बाद कोहली ने रिव्यू लिया। इस बार भी टीवी अंपायर से उन्हें निराशा हाथ लगी।
139वें ओवर में रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर ओली पोप ने स्विप करने का प्रयास किया, लेकिन गेंद अजिंक्य रहाणे के पास चली गई। अश्विन को लगा कि गेंद पोप के ग्लव्स से लगी। इस पर उन्होंने विराट से चर्चा करने के बाद फिर से रिव्यू लिया। भारत को एक बार फिर निराशा हाथ लगी। गेंद पो के ग्लव्स से नहीं बल्कि हाथ के ऊपरी हिस्से से लगकर रहाणे के पास गई थी। भारत के पास पहली पारी में अब कोई रिव्यू नहीं बचा है।
ओली पोप को बाद में अश्विन ने ही आउट किया। ओली पोप 89 गेंद पर 34 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अश्विन ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। पोप ने पांचवें विकेट के लिए जो रूट के साथ 86 रनों की साझेदारी की। पारी में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 218 रन बनाए। रूट को शाहबाज नदीम ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। इससे पहले रूट ने अश्विन की गेंद पर छक्का मारकर अपना दोहरा शतक पूरा किया था। वे 100वें टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं।

