India vs England Test Series 2025: इंग्लैंड दौरे पर भारत के पास सीरीज जीतने का शानदार मौका तो है, बल्कि भारतीय खिलाड़ियों के लिए व्यक्तिगत कीर्तिमान स्थापित करने का भी मंच तैयार होता दिखाई दे रहा है। इस सीरीज में जहां कप्तान शुभमन गिल के पास एक ट्रॉफी के साथ अपने नेतृत्व को अमर करने का मौका है। वहीं युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के लिए यह दौरा इतिहास रचने का सुनहरा अवसर है। खास तौर पर जायसवाल के पास छक्कों के मामले में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को पछाड़ने का मौका है।
वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, किसी एक टीम के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड बेन स्टोक्स के नाम है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 39 छक्के लगाए हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज के दिग्गज विवियन रिचर्ड्स 34 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि न्यूजीलैंड के टिम साउथी और स्टोक्स (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ) 30-30 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
भारत के खिलाफ 28 छक्कों के साथ इमरान खान चौथे स्थान पर हैं। इस सूची में यशस्वी जायसवाल 26 छक्कों के साथ छठे स्थान पर हैं, जो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ही लगाए हैं। स्टोक्स के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए जायसवाल को 14 और छक्कों की जरूरत है। जायसवाल की आक्रामक बल्लेबाजी और लंबे शॉट्स खेलने की क्षमता को देखते हुए यह लक्ष्य इस सीरीज में असंभव नहीं है।
उनकी फॉर्म और आत्मविश्वास उन्हें इस सीरीज में न केवल रिकॉर्ड तोड़ने का दावेदार बनाता है, बल्कि भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ को भी मजबूत करता है। दूसरी ओर, कप्तान शुभमन गिल के पास इंग्लैंड की धरती पर सीरीज जीतकर भारत को टेस्ट क्रिकेट में नई ऊंचाइयों पर ले जाने का मौका है। यह सीरीज न केवल भारत के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई है, बल्कि जायसवाल और गिल जैसे खिलाड़ियों के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक उपलब्धियों का संगम है। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस रोमांचक जंग पर टिकी हैं, जहां रिकॉर्ड और गौरव दोनों दांव पर होंगे।